कांग्रेस-भाजपा में दावेदारों की फौज, आला नेताओं और…- भारत संपर्क
कांग्रेस-भाजपा में दावेदारों की फौज, आला नेताओं और पदाधिकारियों के सहारे टिकट पाने की होड़, जल्द होगी महापौर, अध्यक्ष और पार्षदों के नाम की घोषणा
कोरबा। नगर निगम चुनाव में मेयर पद और 67 वार्डों के प्रत्याशियों को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों में गहन मंथन अंतिम दौर में है। राजनीतिक समीकरणों और जनाधार के आधार पर मेयर और पार्षद प्रत्याशियों के नाम तय करने की कवायद चल रही है। दोनों ही दलों में मेयर के नाम प्रदेश कमेटी तय करेगी, जबकि पार्षद के लिए स्थानीय स्तर पर एक नाम पर सहमति बनाने और एक नाम न होने पर प्रमुख नामों का पैनल जिला और प्रदेश चुनाव कमेटी को भेजे गए हैं, जो नाम को अंतिम रूप दे रही है। जानकारी के अनुसार भाजपा और कांग्रेस ने लगभग 90 प्रतिशत वार्डों में नाम तय कर लिए हैं। कांग्रेस जहां निगम में अपनी सत्ता बचाने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा प्रदेश के साथ शहर सरकार बनाने के लिए रणनीति में जुटी है। जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी पार्षद और मेयर प्रत्याशियों की घोषणा 25 जनवरी तक कर देगी। वहीं कांग्रेस भी इसी अवधि में घोषणा करने की तैयारी में है। प्रत्याशी तय होने के बाद चुनाव प्रचार और घोषणाएं सामने आने पर शहर के मुद्दे और दोनों दलों की विकास और समस्याओं के प्रति सोच स्पष्ट होगी।
बॉक्स
दोनों दलों में महापौर के प्रमुख दावेदार
नगर पालिक निगम कोरबा के महापौर प्रत्याशी को ले कर बीजेपी कांग्रेस में कवायद जारी है। गुरुवार को बिलासपुर में संभागीय चयन समिति की बैठक में बीजेपी से पांच नामों का पैनल महापौर उम्मीदवार के रूप में प्रदेश संगठन को प्रेषित किए जाने की जानकारी मिली है। जिसमें आरती विकास अग्रवाल,वैशाली प्रवीण रत्नपारखी,ऋतु चौरसिया,कल्पना पटेल, संजूदेवी राजपूत का नाम शामिल होने की बात पार्टी सूत्रों ने बताई है। पार्टी द्वारा जल्द जिले के सभी नगरीय निकाय के महापौर,अध्यक्ष तथा पार्षद उम्मीदवार अधिकृत रूप से घोषित किए जा सकते है,वहीं कांग्रेस 25 या 26 को उम्मीदवारों की घोषणा करेगी।गुरुवार को ही पार्टी की बैठक में महापौर प्रत्याशी के लिए तीन नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश संगठन को भेजा गया है।जिसमें उषा तिवारी,सपना चौहान और रेखा त्रिपाठी का नाम शामिल है। ऐसी जानकारी पार्टी के अंदरखाने से मिल रही है।
बॉक्स
दोनों ही दलों में बड़ी संख्या में दावेदार
निगम के 67 वाडों में दोनों दलों से बड़ी संख्या में दावेदार हैं। कांग्रेस में पार्षद और मेयर के लिए बड़ी संख्या में दावेदार हैं। वहीं भाजपा में भी दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है, लेकिन पार्टी ने सभी वार्डों से चुनिंदा नामों का पैनल तैयार किया है, जिस अनुसार उन नामों पर चर्चा के बाद एक नाम तय होगा। मेयर के लिए भी 3 नामों का पैनल तैयार किया जा रहा है। दलीय नेताओं के निर्दलीय उतर कर जोर आजमाइश की संभावना बनी हुई है। मेयर को लेकर कैंडिडेट का अंतिम फैसला पार्टी तय करेगी। दोनों ही पार्टी में महापौर के दावेदारी करने वाले नेता बड़े नेताओं से जोर लगा रहे हैं। एक तरफ शहर के वार्डों में युवा चेहरा भी सक्रिय हैं तो वहीं महिला नेत्री वार्डों में पीछे नहीं है, महिला आरक्षित सीट होने के कारण नेत्रियां टिकट के लिए पूरा जोर लगा रहीं हैं।