कन्या पॉलिटेक्निक कॉलेज कोनी में POSH ACT 2013 पर जागरूकता…- भारत संपर्क



बिलासपुर। शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक कॉलेज, कोनी में शनिवार को लैंगिक उत्पीड़न निवारण POSH Act 2013 के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और कर्मचारियों को सुरक्षित शैक्षणिक एवं कार्यस्थल का वातावरण उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक (वायरलेस) पूजा कुमार (भा.पु.से.) उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को POSH Act 2013 के तहत उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही आंतरिक परिवाद समिति की भूमिका और शिकायत निवारण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
इंटरैक्टिव सत्र और प्रश्नोत्तर के माध्यम से छात्राओं की शंकाओं का समाधान भी किया गया। उन्हें कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न की स्थिति में शिकायत निवारण तंत्र का उपयोग करने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर थाना प्रभारी कोनी राहुल तिवारी, कॉलेज के अधिकारी-कर्मचारी और करीब 120 छात्राएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन लेक्चरर मनोरमा साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य ने किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं में जागरूकता बढ़ाकर समाज में सुरक्षित माहौल बनाना है।