बस्तर फाइटर्स में 4600 आरक्षकों की होगी भर्ती, स्थानीय बोली जानने पर 20 बोनस अंक, महिलाओं को 30% आरक्षण

बस्तर फाइटर्स में 4600 आरक्षकों की होगी भर्ती
HighLights
- बस्तर फाइटर्स में 4600 पदों पर होगी आरक्षकों की सीधी भर्ती
- स्थानीय भाषा/बोली जानने वाले अभ्यर्थियों को मिलेंगे 20 अंक
- 100 अंक की शारीरिक परीक्षा, 100 की लिखित और 20 अंक का इंटरव्यू
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। बस्तर संभाग के स्थानीय युवाओं को पुलिस सेवा से जोड़ने के लिए बस्तर फाइटर्स में 4600 आरक्षकों की सीधी भर्ती की जाएगी। गृह विभाग ने भर्ती नियमावली तैयार कर ली है और पुलिस मुख्यालय जल्द ही अलग से विज्ञापन जारी करेगा।
भर्ती में स्थानीय बोली जानने वाले अभ्यर्थियों को 20 बोनस अंक दिए जाएंगे और स्थानीय महिलाओं को 30 प्रतिशत, तीन वर्ष की सेवा पूरी कर चुके होमगार्ड्स को 25 प्रतिशत और पूर्व सैनिकों को 10 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। चयनित जवानों को एनपीएस या यूपीएस में से किसी एक पेंशन योजना का विकल्प भी दिया जाएगा। संबंधित जिले का स्थानीय निवासी होना अनिवार्य होगा।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा में छूट
पीएचक्यू के अधिकारियों ने बताया कि सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है, जबकि एसटी वर्ग के अभ्यर्थी पांचवीं पास होने पर भी पात्र होंगे। माओवाद प्रभावित क्षेत्रों के माओवाद पीड़ित परिवारों और राहत शिविरों में रहने वाले परिवारों के सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को भी पांचवीं पास पर आवेदन का अवसर मिलेगा।
आयु सीमा 18 से 28 वर्ष होगी। एससी, एसटी और ओबीसी को पांच वर्ष की छूट मिलेगी। महिलाओं, पूर्व सैनिकों, नगर सैनिकों और संविदा कर्मचारियों को नियमानुसार अतिरिक्त छूट दी जाएगी।
200 अंकों पर होगी चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया में 100 अंकों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसमें लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और 100 व 800 मीटर दौड़ शामिल होगी। सामान्य वर्ग को न्यूनतम 60 प्रतिशत तथा एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को 50 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। इसके आधार पर लिखित परीक्षा के लिए मेरिट तैयार होगी।
100 अंकों की लिखित परीक्षा में सामान्य ज्ञान, बुद्धि-विवेक, स्थानीय भूगोल-संस्कृति और अंकगणित से प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद तीन गुना अभ्यर्थियों का 20 अंकों का साक्षात्कार होगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 64 सहायक वन संरक्षकों के तबादले, देखें पूरी लिस्ट