CG Weather: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, अगले 48 घंटे में भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी
CG Weather 23rd September: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश, तेज हवा का अलर्ट।HighLights
- अत्यंत भारी बारिश-वज्रपात की चेतावनी
- बंगाल की खाड़ी का डिप्रेशन हुआ मजबूत
- 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
, रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब डीप डिप्रेशन में बदलने की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 और 24 सितंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और एक-दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा और वज्रपात भी हो सकता है।
23 और 24 सितंबर को भारी बारिश
डिप्रेशन मंगलवार सुबह 11:30 बजे पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 17.9 डिग्री उत्तर अक्षांश और 85.8 डिग्री पूर्व देशांतर के पास था। यह गोपालपुर से करीब 180 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में स्थित था। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और अगले 12 घंटे में डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार यह 23 सितंबर की रात तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच से गुजर सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। दक्षिण छत्तीसगढ़ में 23 और 24 सितंबर को बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।
दिन भर छाए रहे बादल
रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 26.3 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.6 और न्यूनतम 1.9 डिग्री अधिक रहा। बुधवार को रायपुर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 60 रुपये बढ़े सीमेंट के दाम, 10 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स पर संकट, पीएम आवास और सड़कों की बढ़ेगी लागत
बीते 24 घंटे में कई इलाकों में बारिश
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। कवर्धा में 4, राजपुर और कोटा में 30-30 सेमी, चांदो, भैयाथान, मरवाही और दरी में 2-2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
जांजगीर, गादीरास, लोरमी, कोरबा और अजगरबहार में 10-10 मिमी बारिश हुई। राजनांदगांव में प्रदेश का सबसे अधिक 33.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पेण्ड्रारोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री रहा। प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से 6 प्रतिशत कम है।
Leave a Reply