मौसम में बदलाव का सेहत पर पडऩे लगा असर, शासकीय व निजी…- भारत संपर्क
मौसम में बदलाव का सेहत पर पडऩे लगा असर, शासकीय व निजी अस्पताल के ओपीडी में मरीजों की संख्या में इजाफा
कोरबा। शहरी क्षेत्र में ठंड में इजाफा हुआ है। सूर्य की किरण लोगों को सुहावनी लगने लगी है। अलसुबह और शाम चार बजे के बाद ठंड लोगों को परेशान कर रही है। ग्रामीण व वनांचल इलाके में कड़ाके की ठंड पडऩे लगी है। ठंड से बचने के लिए लोग शाम होते ही घरों में दुबक रहे हैं। अलाव का भी सहारा लेने लगे हैं। मौसम में बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पडऩे लगा है। शासकीय व निजी अस्पताल के ओपीडी में मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया है।इलाज कराने वाले अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी व जुकाम से परेशान हैं। चिकित्सकों की ओर से मरीजों को ठंड से बचने की सलाह दे रहे हैं। साथ ही घर से बाहर निकलने पर शॉल, स्वेटर, ग्लब सहित अन्य गरम कपड़े पहनने को कहा जा रहा है। जिससे शरीर को ठंड नहीं लगे। इसके लिए बच्चे, बुजुर्ग और महिलाओं को स्वास्थ्य को लेकर जरूरी एहतियात बरतने को कहा जा रहा है। आने दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई जा रही है। यदि मौसम का पूर्वानुमान सही हुआ तो इससे लोगों की परेशानी और बढ़ेगी। पारा गिरने से ठंड बढ़ेगी और इससे जनजीवन प्रभावित होगा। इसका असर लोगों के सेहत पर भी पडऩा तय है। इधर मौसम खुलने के बाद उद्यान और पिकनिक स्टॉट गुलजार होने लगे हैं। सुबह और शाम उद्यानों में लोग घुमने पहुंच रहे है। पिकनिक स्टॉप में भी लोग हरियाली और खूबसूरती के बीच पिकनिक का लुत्फ उठा रहे हैं। कोरबा के सतरेंगा, देवपहरी, काफी पाइंट, चकचकवा पहाड़, झोराघाट, रानीझरना सहित अन्य स्थानों पर लोगों की चहल पहल बढ़ गई है। हालांकि दिन छोटा होने के कारण लोग पिकनिक स्पॉट पर सुबह जल्दी पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं ताकि पिकनिक का आनंद उठा सकें।