छत्तीसगढ़ में 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग, शिक्षा मंत्री के बंगले में घुसे प्रदर्शनकारी
प्रदर्शनकारियों को हटाते पुलिसकर्मी। – HighLights
- छत्तीसगढ़ में शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचे अभ्यर्थी
- पुलिस कार्रवाई के बाद सभी को हिरासत लिया
- सहायक शिक्षक पद की मांग को लेकर प्रदर्शन
, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 2,300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर चल रहा डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन गुरुवार को उग्र हो गया। अपने आंदोलन के 321 दिन पूरे होने पर लगभग 422 अभ्यर्थी अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों के साथ सीधे शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के सरकारी बंगले पर जा पहुंचे। यहां उन्होंने नियुक्ति की निश्चित तारीख और स्पष्ट समय-सीमा घोषित करने की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और उनके परिजन शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर बैठ गए। अभ्यर्थियों का साफ कहना था कि जब तक सरकार उनकी नियुक्ति को लेकर कोई ठोस और स्पष्ट समय-सीमा तय नहीं करती, वे वहां से नहीं हटेंगे। लगातार 321 दिनों से जारी संघर्ष के बाद भी केवल आश्वासन मिलने से नाराज इन युवाओं और उनके परिवारों ने प्रशासनिक और राजनीतिक उपेक्षा के खिलाफ तीखा रोष व्यक्त किया।
पुलिस ने की कार्रवाई, महिला अभ्यर्थियों से अभद्रता का आरोप
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने का प्रयास किया, जिसके बाद तीखी झड़प हुई। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ जबरदस्ती की और महिला अभ्यर्थियों तथा उनके परिजनों को घसीटकर बसों में बैठाया गया। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
आगामी कैबिनेट बैठक पर टिकी नजरें
अभ्यर्थियों ने चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि यदि आगामी कैबिनेट बैठक में उनकी नियुक्ति को लेकर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अपने परिवारों के साथ और अधिक संख्या में रायपुर पहुंचकर बड़ा आंदोलन करेंगे। लगातार आर्थिक तंगी, मानसिक तनाव और संघर्ष के चलते अभ्यर्थियों ने आत्मदाह जैसी आत्मघाती चेतावनी भी दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है ताकि इस लंबे विवाद का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
Leave a Reply