छत्तीसगढ़ में बिजली का होगा निजीकरण? CM विष्णु देव साय ने तोड़ी चुप्पी, कांग्रेस के आरोपों पर दिया ये जवाब
_m.webp)
CM साय ने बिजली निजीकरण के आरोपों को तथ्यहीन बताया (फाइल फोटो)
HighLights
- सरकार की बिजली निजीकरण की कोई मंशा नहीं है
- निजी कंपनी को ठेका देने का कांग्रेस ने आरोप लगाया
- CM ने सुनवाई को नियमित प्रक्रिया का हिस्सा बताया
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली के निजीकरण को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरकार का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की बिजली के निजीकरण की कोई मंशा नहीं है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के आरोपों को भ्रामक और तथ्यहीन बताते हुए कहा कि जनता के बीच गलतफहमी पैदा करने की कोशिश की जा रही है।
बिजली निजीकरण पर क्या बोले CM साय
राजधानी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जिस सुनवाई को बिजली के निजीकरण से जोड़कर पेश किया जा रहा है, वह एक नियमित प्रक्रिया है। ऐसी रूटीन प्रक्रिया को बिजली निजीकरण की तैयारी से जोड़ना सही नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी इस मामले में भी दुष्प्रचार के जरिए लोगों को गुमराह करने और भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से ऐसे भ्रामक प्रचार से भ्रमित नहीं होने की अपील की। बता दें कि कांग्रेस का आरोप है कि सरकार निजी कंपनी को बिजली सप्लाई का ठेका देने की तैयारी कर रही है।
‘समृद्ध और सशक्त भारत का निर्माण’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वे 12 वर्षों से प्रधानमंत्री के रूप में समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में काम कर रहे हैं।
बच्चों को अंतरिक्ष का ज्ञान देने पर जोर
CM साय ने कहा कि बच्चों को अंतरिक्ष का ज्ञान देने के लिए भी काफी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर स्कूलों में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इस दिशा में प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को पूरा करने में सभी की भागीदारी जरूरी है।