नईदुनिया न्यूज, दुर्गूकोंदल। जिले में गांजा तस्करी के बाद अब इसकी अवैध खेती के मामले भी सामने आए हैं। भुरसातरहुल गांव में पुलिस ने किसान सुभाष कोरटी के एक एकड़ खेत में दबिश देकर गांजा के 844 पौधे जब्त किए।
आरोपित ने अरहर और चेज भाजी की फसल के बीच गांजा की खेती कर रखी थी। पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर लिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
अरहर की फसल के बीच गांजा के पौधे पाए गए
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे टीम भुरसातरहुल स्थित सुभाष कोरटी के खेत में पहुंची। जांच के दौरान अरहर की फसल के बीच गांजा के पौधे पाए गए। पुलिस टीम और मौके पर मौजूद ग्रामीणों के सामने पौधों की गिनती की गई, जिसमें कुल 844 पौधे मिले।
अनुमानित कीमत करीब 4.25 लाख रुपये आंकी गई
जब्त पौधों का वजन करीब 8.50 किलो बताया गया है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 4.25 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने पहले गांजा के पौधों की नर्सरी तैयार की थी। इसके बाद एक एकड़ खेत में अरहर और चेज भाजी के बीच पौधे लगाए गए। अन्य फसलों की आड़ में गांजा की खेती किए जाने से यह आसानी से नजर नहीं आती थी।
सात माह में चार जगह गांजे की खेती उजागर
20 जनवरी: पखांजूर क्षेत्र में 350 गांजा पौधे जब्त किए गए
सात अप्रैल: अंतागढ़ क्षेत्र में 16.50 किलो गांजा सहित कार्रवाई की गई
24 अगस्त: मानपुर क्षेत्र में गांजा के पौधे जब्त किए गए
26 अगस्त: भुरसातरहुल में 844 गांजा पौधे जब्त किए गए
यह भी पढ़ें- चारा और पानी के बिना तड़पे बेजुबान, रात के अंधेरे में दफनाए गए गोवंशो के शव, बिलासपुर गोधाम में गौवंश की दुर्दशा पर बड़ा बवाल