Cricket: जोआन हिक्स का 51 साल की उम्र में कारनामा, तोड़ दिया 94 साल पुराना रिकॉर्ड, इंटरनेशनल क्रिकेट में रचा इतिहास

51 साल की उम्र में जोआन हिक्स ने रचा इतिहास
HighLights
- महिला क्रिकेटर का 51 साल की उम्र में कारनामा
- टी-20 महिला क्रिकेट में लिए पांच विकेट
- जोआन हिक्स ने तोड़ा 94 साल पुराना रिकॉर्ड
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आइल ऑफ मैन की महिला क्रिकेट टीम की स्पिनर जोआन हिक्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है जो उनसे पहले दुनिया का कोई भी पुरुष या महिला क्रिकेटर नहीं कर सका।
27 अगस्त 2026 को इलफोव काउंटी में खेले गए वुमेन्स कॉन्टिनेंटल कप के ग्रुप-बी मुकाबले में जोआन ने 50 साल की उम्र पार करने के बाद पहली बार 5 विकेट हॉल हासिल किया। ऐसा करने वाली वह इंटरनेशनल क्रिकेट में दुनिया की इकलौती खिलाड़ी है।
94 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैंड के बीच स्थित एक द्वीप देश आइल ऑफ मैन के लिए खेलते हुए हिक्स ने ग्रीस के खिलाफ महिला T20I मैच में पांच विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने 94 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- ‘खेलो इंडिया संवाद’ में तिलक वर्मा ने की पीएम मोदी की पहल की सराहना, रायपुर में तिलक वर्मा ने स्कूली छात्रों को किया प्रेरित
हिक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट में एक पारी में पांच विकेट लेने वाली सबसे उम्रदराज क्रिकेटर बनने का ऑस्ट्रेलिया की बर्ट आयरनमोंगर का रिकॉर्ड तोड़ा। आयरनमोंगर ने यह रिकॉर्ड 1932 में 49 साल और 314 दिन की उम्र में बनाया था। तब उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक टेस्ट मैच में दो बार पांच-पांच विकेट लिए थे।
47 साल की उम्र में डेब्यू
उल्लेखनीय है कि, राइट-आर्म ऑफ-स्पिनर हिक्स ने 47 साल की उम्र में अपना डेब्यू किया था। T20I क्रिकेट में यह उनका तीसरा पांच-विकेट हॉल था। साथ ही 50 साल की उम्र के बाद पहला। उन्होंने अब तक आइल ऑफ मैन के लिए 29 T20I मैच खेले हैं और 4.12 की शानदार इकॉनमी रेट से 36 अपने नाम किए हैं।
यह भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया ए के भारत दौरे के लिए इंडिया-ए महिला टीम घोषित, ग्वालियर की अनुष्का शर्मा को टी-20 की कप्तानी