
दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से कारोबारी क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है. मंगलवार सुबह करीब 5 बजे ईडी की टीम ने ऋषभ ग्रीन सिटी स्थित कारोबारी गुलशन कुमार बघेल के आवास पर छापा मारा. करीब 10 अधिकारियों की टीम फ्लैट में पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है.
सातवीं मंजिल के फ्लैट में चल रही जांच
मिली जानकारी के अनुसार, ईडी के अधिकारी ऋषभ ग्रीन सिटी की सातवीं मंजिल पर स्थित ई-701 नंबर के फ्लैट में पहुंचे. यहां टीम ने विभिन्न दस्तावेजों और कागजात की पड़ताल शुरू की. सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई के बाद आवासीय परिसर में भी हलचल देखने को मिली.
फिलहाल ईडी की ओर से कार्रवाई के आधिकारिक कारण, जांच के दायरे और अब तक मिले दस्तावेजों को लेकर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
कोयला और जमीन के कारोबार से जुड़ा है नाम
गुलशन कुमार बघेल को परिवहन व्यवसाय से जुड़ा कारोबारी बताया जाता है. उनके नाम से बघेल कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के संचालन की जानकारी भी सामने आई है. इसके अलावा, उनके कोयला और जमीन-जायदाद के कारोबार से जुड़े होने की चर्चा है.
इन्हीं कारोबारी गतिविधियों के बीच उनके आवास पर ईडी की कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि, एजेंसी की यह जांच कोयला कारोबार, जमीन के लेनदेन या किसी अन्य मामले से संबंधित है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
कार्रवाई के कारणों पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार
ईडी की टीम आवास पर दस्तावेजों की जांच में जुटी है. जांच के दौरान क्या जानकारी सामने आई और आगे की कार्रवाई किस दिशा में बढ़ेगी, इस बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. एजेंसी की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई के कारणों और जांच के दायरे को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी.
Leave a Reply