रंग-गुलाल से सराबोर होने हर कोई तैयार, फाग के राग से चढ़ेगा…- भारत संपर्क

0

रंग-गुलाल से सराबोर होने हर कोई तैयार, फाग के राग से चढ़ेगा रंग, बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक होलिका का शाम से दहन का शुरू हुआ सिलसिला देर रात तक रहा जारी

कोरबा। रंगोत्सव का पर्व होली पर रंग-गुलाल से सराबोर होने के लिए लेागों में धूम मची है। बच्चे, युवा, महिला व बुजुर्गों में उत्साह का माहौल है। इसके पहले गुरुवार को पारंपरिक तौर पर होलिका की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। परिवार की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की गई। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रुप में होलिका दहन किया गया। देर शाम तक नगाडे़ की थाप और फाग के राग के साथ पैर थिरकते रहे। शुक्रवार को होली खेली जाएगी। होली पर्व को लेकर लोगाें में उमंग, उत्साह और उल्लास है। असत्य पर सत्य की जीत की प्रतीक के रुप में मनाए जाने वाले होलिका दहन के लिए कई स्थानों में इकोफ्रेडली होलिका (गोबर के कंडे) बनाया गया था। होलिका की पूजा-अर्चना करने के लिए सुबह से श्रद्धालु व महिलाएं पहुंचती रहीं। विधि-विधान से पूजा फेरा लेकर आर्शिवाद प्राप्त किया। परिवार के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई। कई स्थानों में भद्रा की वजह से देर रात शुभ मुहूर्त में होलिका दहन की व्यवस्था रही। दहन स्थल पर श्रद्धालुओं ने रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की बधाई व शुभकामनाएं दी गई।गली-मोहल्ले में नगाड़े की थाप और फाग के फनकार के साथ लोगों के पैर थिरकते रहे। होली दुकानाें में भी सुबह से रंग-बिरंगी पिचकारी, रंग-गुलाल सहित अन्य सामानों की खरीदी के लिए भीड़ रही। लोगों ने रंग-गुलाल की जमकर खरीदी की। लोगों में हर्बल रंगों की मांग अधिक रही। देर शाम तक बाजार में चहल-पहल देखने को मिली। व्यापारियों ने बताया कि इस बार होली पर्व को लेकर लोगों ने खूब खरीदी की है। इस अवसर पर नगर निगम द्वारा बनाए गए स्मृति उद्यान के सामने लगी स्टॉल, बुधवारी सर्कस मैदान, पावर हाउस रोड, मेन रोड, सीतामणी, कोसाबाड़ी सहित अन्य उप नगरीय क्षेत्र गेवरा, कुसमुंडा, कटघोरा, बालको, जमनीपाली सहित स्थानों के बाजार में रौनक रही। ग्रामीण क्षेत्रों के बाजार में देर शाम तक चहल-पहल रही। शहर के मुड़ापार, एमपी नगर, कोसाबाड़ी, आरएसएस नगर, मानिकपुर, पुरानी बस्ती, सीतामणी, सर्वमंगला नगर दुरपा सहित उपनगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में होलिका दहन किया गया। लोगों से सार्वजनिक व निजी संपत्तियों को नुकसान न पहुंचाने अपील की गई है। होली पर्व को लेकर घर-घर में स्वादिष्ट व्याजनों की तैयारी हो रही है। गृहिणियां इसकी तैयारी एक सप्ताह पहले से शुरू कर दी थी। इससे हर घर से स्वादिष्ट व्यंजनों की महक आने लगी है। गृहिणियों ने बताया कि होली पर्व पर सबसे अधिक बड़ा, पूरी, देहरौरी, गुजिया सहित अन्य मिष्ठान व पकवान बनाए जाते हैं। इसके तैयारी महिलाओं ने पूरी कर ली है। गुरुवार को घर-घर पकवान बनाए गए वहीं शुक्रवार को भी कई व्यंजन बनाए जाएंगे।बाजार में हर्बल रंग गुलाल की मांग अधिक रही। महिला स्व सहायता समूहों द्वारा होली के कई माह पहले ही तेसू के फूल, हल्दी सहित अन्य प्राकृतिक फूल और फल से रंग-गुलाल बनाना शुरू किया था। इसका बाजार में खूब मांग रही।
बॉक्स
68 गुंडा-बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्र्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा जिले भर में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले के समस्त थाना-चौकी प्रभारियों एवं पुलिस इकाइयों द्वारा यह अभियान संचालित किया गया।अभियान के तहत विभिन्न अपराधों में फरार चल रहे गुंडा बदमाशों के वारंटों की तामीली की गई, जिसमें 4 स्थायी वारंट एवं 64 गिरफ्तारी वारंटों के तहत कुल 68 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर उन्हें जेल भेजा गया। कोरबा पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या कंट्रोल रूम को दें ताकि शांति व्यवस्था बनाए रखने में जनसहयोग प्राप्त हो सके।जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने कहा है कि गुंडा तत्व, आदतन अपराधी एवं सामाजिक शांति में विघ्न डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बशा नहीं जाएगा। होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहाद्र वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कानून का उल्लंघन करने या जनता में भय उत्पन्न करने वालों पर सत कार्रवाई करने की बात कही है।
बॉक्स
तीन हजार से अधिक मुखौटे जब्त
होली पर्व के मद्देनजर आम नागरिकों की सुरक्षा, महिला समान और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा व्यापक सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में चेहरा ढंकने वाले मुखौटों के दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में 30 दुकानों पर कार्रवाई करते हुए बीएनएसएस की धारा 106 के तहत तीन हजार से अधिक मुखौटे जप्त किए गए हैं। मुखौटे पहनकर लूट, छीना-झपटी, महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी आपराधिक घटनाओं की संभावना को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर मुखौटा पहनकर न चलें और यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
बॉक्स-
शराबी वाहन चालकों पर नकेल
होली त्योहार को देखते हुए नशा करके गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस सख्त है। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने के 17 मामलों में कुल 1.70 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने लोगों से सुरक्षित होली मनाने की अपील की है।सर्वमंगला, सीएसईबी, मानिकपुर और सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। निहारिका घंटाघर पर देर रात शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा कुसमुंडा, बालको, दीपका और कटघोरा थाना क्षेत्र में भी जांच की गई।पुलिस ने होली के मद्देनजर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर की कई थाना चौकियों में सघन जांच की जा रही है।कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में मुख्य चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। शराबी वाहन चालकों, तीन सवारी वाहनों और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ 40 लोगों पर कार्रवाई की गई। नो एंट्री जोन में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर भी चालान किया गया।पुलिस ने नागरिकों से नशे में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया है। माता-पिता से भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने परिजनों को नशे की हालत में वाहन न चलाने दें। पुलिस का कहना है कि छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
बॉक्स
चप्पे पर रहेगी पुलिस की तैनाती, हुड़दंग किया तो जेल में मनेगी होली
जिला पुलिस ने रंगों के पर्व होली को सौहाद्रपूर्ण व शांति से मनाया जा सके, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जहां शहरी व उपनगरीय क्षेत्र में प्रमुख चौक चौराहों पर जवानों की तैनाती की जाएगी, तो दूसरी ओर थाना चौकी प्रभारी अपने अपने क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। यदि पर्व के दौरान असामाजिक तत्व खलल डालने के प्रयास करते हैं, तो बख्शे नहीं जाएंगे। पुलिस तत्काल गिरफ्तार कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। इस बात की चेतावनी गुंडा बदमाशों को थाने में तलब कर दी गई है।जिले में होली के पर्व को धूमधाम से मनाने तैयारी कर ली गई है। गुरूवार की रात शुभ मुहुर्त में होलिका दहन किया जाएगा। शुक्रवार की सुबह लोग रंग गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई देंगे। होली में लोग शराब व भांग जैसे नशे का सेवन करते हैं। नशे की हालत और अतिउत्साह में लोग किसी भी हद को पार कर देते हैं। खासकर असामाजिक तत्व मारपीट, हुडदंग से गुरेज नही करते। जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसी किसी भी स्थिति से निपटने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। होली से एक दिन पहले यानि गुरूवार से ही शहरी व उपनगरीय क्षेत्र में चौक चौराहों पर जवानों की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा जवान रेलवे व बस स्टैंड के अलावा सार्वजनिक स्थानों पर तैनात रहेंगे। पुलिस की टीम होलिका दहन स्थल पर नजर रखेगी, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो। इसके अलावा थाना चौकी पुलिस अपने अपने क्षेत्र में सतत निगरानी व गश्त करेगी। पुलिस कप्तान के निर्देश पर थाना चौकी प्रभारियों ने क्षेत्र के गुंडा बदमाशों को भी तलब किया था। उन्हें सख्त लहजे में होली के दिन किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं करने चेतावनी दी गई है। उन्हें चेताया गया है कि उत्पात मचाते पकडे जाने अथवा सूचना मिलने पर गिरफ्तार किया जाएगा। उन्हें किसी में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस बदमाशों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई भी करेगीताकि आम लोगों को शांति और सौहार्द ढंग से होली मनाने में परेशानी न हो।
बॉक्स
पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एएसपी नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन तथा सीएसपी द्वय भूषण एक्का व विमल पाठक के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। कोतवाली से अधिकारी व जवानों को फ्लैग मार्च की शुरुआत की, जो टीपी नगर, सीएसइबी चौक, महाराणा प्रताप चौक, घंटाघर, सुभाष चौक सहित मुख्य चौक चौराहों से निकली। इसी तरह ग्रामीण व उपनगरीय क्षेत्र में भी पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। इसका मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों में खौफ पैदा करना था। वहीं आम लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाया गया, ताकि वे बिना डर भय के रंगों के पर्व को मना सकें।
बॉक्स
इन स्थानों पर सजी दुकानें
शहरी क्षेत्र में नगर निगम ने यातायात व्यवस्था को देखते हुए इस बार स्मृति उद्यान के बजाए कोसाबाड़ी फेन वन और बुधवारी बाजार के मेला मैदान में टेंट और पंडाल के साथ दुकान बनाई गई है। यह दुकानें सजकर तैयार हो गई है। इसी तरह सीतामणी, इतवारी बाजार, पुराना बस स्टैंड, पावर हाउस रोड, टीपी नगर, बुधवारी बाजार, मुड़ापार बाजार, कोसाबाड़ी, बालकोनगर, कटघोरा, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा सहित अन्य उपनगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में भी बाजार गुलजार हो गए हैं।
बॉक्स
रंगों पर दिख रही महंगाई की मार
इधर रंग-गुलाल पर इस बार महंगाई की मार पड़ी है। व्यापारी ने बताया कि पिछले साले की अपेक्षा रंग-गुलाल में लगभग 15 से 20 फीसदी तक दाम में बढ़ोतरी हुई है। लेकिन रंगोत्सव के उत्साह के बीच लोगों में महंगाई का असर नहीं दिख रहा है। लोगो में रंग-गुलाल, पिचकारी, नकली बाल सहित अन्य होली के समानों की मांग पहले की अपेक्षा बढ़ी है। इससे कारोबारियों को भी इस बार बाजार से अच्छे कारोबार की उमीद लगाए हुए हैं।
बॉक्स
अरंडी के पौधेकी डाली के साथ होलिका दहन
होलिका दहन में अरंडी के पौधे का खास महत्व है। बसंत पंचमी के दिन होलिका दहन स्थल पर अरंडी (अंडे का पेड़) गढ़ाकर पूजन का विधान है। फिर उसी स्थान पर महीने भर तक। लकड़ी और कंडे इक_े किए जाते हैं। जिसे होली के दिन जलाया जाता है।फाग गीत गणेश जी की वंदना से शुरू होती है।
बॉक्स
शरीर के साथ मन का विकार जलाने की प्रथा
छत्तीसगढ़ में होली की कुछ परंपराएं आज भी निभाई जा रही है। इसमें शरीर के साथ मन के विकार को जलाने की प्रथा है। होली में खटमल (ढेकना) या खून चूसने वाले अन्य कीट से मुक्ति के लिए भी टोटके की परंपरा है। उसे भी जलाते हैं, ताकि खटमल तंग न करे।
बॉक्स
यह है मान्यता
होली से जुड़ा भक्त प्रहलाद, उसकी बुआ होलिका और पिता हिरणकश्यप की कथाएं भी गीतों में आती है। इसमें आस्था की जीत और विभ्रम अनास्था की हार की कथा है जो गीतों में कही जाती है। प्रहलाद की भगावन विष्णु पर अनुरक्ति से नाराज पिता हिरणकश्यप ने उसे जलाने के लिए अपनी बहन होलिका को गोद में बिठाकर होली दहकाया था। हिरण्यकश्यप की बहन होलिका खुद जल गई और भक्त प्रहलाद बच गए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

आरटीई के तहत प्रवेश हेतु आंनलाइन आवेदन शुरू – भारत संपर्क न्यूज़ …| पाकिस्तान में अगले महीने फिर होगा ICC का बड़ा टूर्नामेंट, खेले जाएंगे 15 मै… – भारत संपर्क| CUET UG से भी ले सकते हैं B.Tech में दाखिला, यहां जानें कैसे| iPhone से आएगी DSLR जैसी फोटो, बस रखना होगा कुछ बातों का ध्यान – भारत संपर्क| आमिर खान के 60वें बर्थडे के लिए क्या ये है गौरी की प्लानिंग, हो सकती है इस तरह… – भारत संपर्क