📅 Sunday, 27 September 2026 | विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार
ब्रेकिंग न्यूज़

Facebook की दोस्ती से शुरू हुआ भरोसा, राजनीतिक पद दिलाने का झांसा देकर 82.63 लाख की ठगी

शेयर करें: 💬 WhatsApp f 𝕏 ✈️
Facebook की दोस्ती से शुरू हुआ भरोसा, राजनीतिक पद दिलाने का झांसा देकर 82.63 लाख की ठगी

image

बिलासपुर. फेसबुक पर हुई पहचान के बाद एक युवक को राजनीतिक संगठन में महत्वपूर्ण पद दिलाने का भरोसा देकर लाखों रुपये लेने का मामला सामने आया है. सरकंडा क्षेत्र के एक युवक ने खोंगापानी निवासी महिला पर करीब 82.63 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पहले जमीन विवाद में मदद, फिर बढ़ा भरोसा
सरकंडा के श्री विहार निवासी चेतन आनंद दुबे के मुताबिक करीब एक साल पहले फेसबुक के जरिए उसकी पहचान निखत परवीन साबरी से हुई थी. बातचीत के दौरान महिला ने खुद को एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल से जुड़ा कार्यकर्ता बताया और बड़े नेताओं तक अपनी पहुंच होने की बात कही.

शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी गतौरी स्थित जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. राजस्व विभाग से जुड़े काम में मदद के लिए उसने महिला से संपर्क किया. आरोप है कि महिला ने पटवारी और राजस्व निरीक्षक से संबंधित काम में सहायता की. इसके बाद युवक का उस पर भरोसा बढ़ गया.

पार्टी में पद दिलाने की बात कहकर मांगी रकम
शिकायत के मुताबिक, जमीन के काम के बाद महिला ने युवक को राजनीति में आने की सलाह दी. उसने युवक की पढ़ाई और राजनीतिक रुचि का हवाला देते हुए राष्ट्रीय स्तर की पार्टी में पद दिलाने का भरोसा दिया.

इसके बाद कथित तौर पर पार्टी फंड के नाम पर रकम जमा करने के लिए कहा गया. शुरुआत में महिला ने अपने बैंक खाते की जानकारी दी. बाद में अलग-अलग समय पर पैसे जमा कराने के लिए अन्य खाते भी बताए गए. शिकायतकर्ता के अनुसार कुछ रकम महिला की बहन के खाते में भी भेजी गई.

ऑनलाइन 62.63 लाख और नकद 20 लाख देने का दावा
युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 जुलाई 2025 से 17 अगस्त 2026 के बीच उसने ऑनलाइन माध्यम से कुल 62,63,194 रुपये ट्रांसफर किए. इसके अलावा अलग-अलग मौकों पर करीब 20 लाख रुपये नकद दिए जाने का भी दावा किया गया है.

इस तरह शिकायतकर्ता के अनुसार कुल 82,63,194 रुपये दिए गए.

पद नहीं मिला तो वापस मांगी रकम
शिकायत में युवक ने आरोप लगाया है कि रकम देने के बाद जब उसने राजनीतिक पद दिलाने या पैसे वापस करने की मांग की तो महिला की ओर से कथित तौर पर टालमटोल की जाने लगी. बाद में बातचीत बंद होने का भी आरोप है.

शिकायतकर्ता के अनुसार फोन पर संपर्क करने पर उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई. उसने यह भी बताया कि कुछ भुगतान उसके दोस्तों के बैंक खातों और च्वाइस सेंटर के माध्यम से किए गए थे.

पुलिस ने लेनदेन से जुड़े दस्तावेज जुटाए
सरकंडा पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर लिया है. पुलिस ने कथित लेनदेन से संबंधित ट्रांजेक्शन की प्रतियां और अन्य दस्तावेज हासिल किए हैं. अब पुलिस रकम के लेनदेन, संबंधित बैंक खातों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *