शहर के विकास की रफ्तार में फाटक बन रहा रोड़ा, रूक रही…- भारत संपर्क

शहर के विकास की रफ्तार में फाटक बन रहा रोड़ा, रूक रही मालगाडिय़ां, संजय नगर, शारदा विहार, टीपी नगर फाटक पर आए दिन रूक रही रेल
कोरबा। शहर के बीच से गुजरी रेल लाइन पर निर्मित रेलवे फाटक कोरबा के विकास की रफ्तार को धीमी कर रही है। लोगों को अपने दफ्तर, दुकान सहित अन्य आपातकालीन स्थिति के दौरान फाटक पर फंसना पड़ रहा है। लोगों की परेशानी तब और बढ़ जाती है जब फाटक पर मालगाड़ी रूक जाती है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल की ओर से कोयला लदान पर जोर दे रही है। दिन-रात कोयला लदान के लिए मालगाड़ी निकाली जा रही है। यह गाड़ी शहर के रेल लाइन से होकर गुजर रही है। यह लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। प्रबंधन की ओर से अब तक मालगाड़ी गुजारने के लिए फाटक बंद करती थी। लेकिन कुछ दिनों से अब फाटक पर ही मालगाड़ी रोक दी जा रही है। इस दौरान फाटक के दोनों ओर दो पहिया, चार पहिया, ऑटो सहित अन्य वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है। चालक रेलवे फाटक खुलने का इंतजार करते रहते हैं। इस दौरान चालकों को काफी परेशानी होती है। यह स्थिति किसी एक दिन की नहीं है। बल्कि आए दिन बनी हुई है। इससे लोगों को दफ्तर, दुकान सहित अन्य जरूरी कार्य से गंतव्य जाने में देरी हो रही है। गाड़ी काफी देर बाद आगे बढ़ती है। तब जाकर लोगों को राहत मिलती है।
बॉक्स
स्टेशन जाने वाले यात्री सबसे अधिक परेशान
इससे सबसे अधिक परेशान सफर के लिए कोरबा रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को हो रही है। इस फाटक से होकर बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन पहुंचते हैं। फाटक बंद होने पर कई बार यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है। इस दौरान उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ता। साथ ही अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ती या सडक़ मार्ग से गंतव्य तक जाना पड़ता है।