IND W vs ZIM W: दशहरा पर भारतीय महिला बल्लेबाजों का धमाका, आखिरी टी-20 में ठोके 216 रन; हरमनप्रीत ने खेली नाबाद 91 रनों की पारी
हरमनप्रीत कौर, फाइल फोटोHighLights
- आखिरी टी-20 में भारत की दमदार बल्लेबाजी
- 20 ओवर में स्कोर बोर्ड पर लगाए 216 रन
- हरमनप्रीत ने खेली 91 रनों की नाबाद पारी
, रायपुर। दशहरे पर रावण दहन की तरह भारतीय महिला बल्लेबाजों ने रायपुर में जिंबाब्वे के गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर दिया। शेफाली वर्मा और हरमनप्रीत कौर के बल्लों से निकले चौके-छक्कों की आतिशबाजी के दम पर भारत ने तीसरे टी-20 मुकाबले में 20 ओवर में सात विकेट पर 216 रन बनाए।
शेफाली ने 37 गेंदों में 69 रन ठोके, जबकि हरमनप्रीत 41 गेंदों में नाबाद 91 रन बनाकर लौटीं। भारत ने जिम्बाब्वे के सामने जीत के लिए 217 रन का लक्ष्य रखा।
भारत ने पहले बल्लेबाजी चुनी
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। शेफाली और अनुष्का शर्मा ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
अनुष्का ने 20 गेंदों में 28 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद निकी प्रसाद नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, लेकिन शेफाली का तूफान जारी रहा। उन्होंने महज 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उनकी पारी में छह चौके और पांच छक्के शामिल रहे। 14.4 ओवर में वह 69 रन बनाकर आउट हुईं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में दशहरा पर्व पर दो नई रेल सेवाओं की शुरुआत, रावघाट-रायपुर ट्रेन में पहले दिन 410 यात्रियों ने किया सफर
हरमनप्रीत ने बरसाए चौके-छक्के
शेफाली के बाद हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर जिंबाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा दिया। हरमनप्रीत ने 10 चौके और पांच छक्के लगाए। अंतिम पांच ओवर में भारत ने 62 रन बटोरे। हरमनप्रीत शतक से चूक गईं, लेकिन 91 रन बनाकर नाबाद रहीं। जिंबाब्वे की ओर से बीलव्ड बिजा ने तीन विकेट लिए। भारत का 216 रन का स्कोर उसके सर्वश्रेष्ठ टी-20 अंतरराष्ट्रीय स्कोरों में शामिल है।
यह भी पढ़ें- बालोद के यात्रियों के लिए बड़ी राहत, सप्ताह में 6 दिन चलेगी रायपुर तक पैसेंजर ट्रेन; पहले दिन 5 बजकर 19 मिनट पर पहुंची स्टेशन
Leave a Reply