भीषण गर्मी में बिजली की कटौती ने किया परेशान- भारत संपर्क
भीषण गर्मी में बिजली की कटौती ने किया परेशान
कोरबा। वैसे तो कोरबा ऊर्जाधानी के नाम से जाना और पहचाना जाता है, यहां की बिजली से देश के अन्य राज्य रोशन हो रहे हैं। इसके बावजूद शहर के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हो रहे हैं। जिसके कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा आए दिन हो रहा है। मौसम की बेरुखी से भडक़ती उमस में पसीने से तरबतर लोगों को रात में भी घंटो बिजली नहीं मिलती। कभी भी 3 से 4 घंटे तक रात-रात भर लाइन बंद हो जाती है। कभी बिजली प्लांट से तो कभी कही कुछ रखरखाव के कारण लाइट बंद कर देते है। विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी भी समझ नहीं पा रहे हैं कि लाइट कहां से बंद हो जा रही है। बिजली की इस आंख मिचौली से लोगो की समस्या बढ़ गई है। शहर से लेकर गांव तक की व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो रही है। आए दिन हाईटेंशन तार भी टूट रहे हैं, लोग लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। मांग के अनुरूप आपूर्ति की व्यवस्था को सुनिश्चित नहीं कर पा रहे हैं। विद्युत विभाग के मैदानी कर्मचारियों की लापरवाही व अधिकारियों की उदासीनता के कारण सही कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इसमें यह कहना गलत नहीं होगा कि संधारण के कार्यों में मनमानी भी विद्युत अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार है। इधर आपूर्ति व्यवस्था चरमराने से लोगों में आक्रोश भडक़ने लगा है।