बारिश के साथ हुई नौतपा की विदाई, इस बार मौसम रहा मेहरबान,…- भारत संपर्क
बारिश के साथ हुई नौतपा की विदाई, इस बार मौसम रहा मेहरबान, नौतपा के अंतिम दिन रात में हुई झमाझम बारिश
कोरबा। सोमवार को नौतपा का अंतिम दिन था। पूरे नौतपा भर जहां बारिश हुई, वहीं विदाई की बेला में भी जमकर बादल बरसे। दिन भर तेज धूप ने परेशान किया तो रात में राहत की बूंदों ने तापमान का पारा गिरा दिया।
नौतपा के अंतिम दिन मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच एक बार मौसम ने करवट ली और सुबह तेज धूप निकली। रात होते ही झमाझम बारिश से शहर तरबतर हो गया। सोमवार को सुबह से तेज धूप निकली। चिलचिलाती धूप ने लोगों को काफी परेशान किया। लोग घर व दुकानों में दुबके रहे। जरूरी कार्य से बाहर निकलने पर लोगों ने स्कार्फ और गमछा का सहारा लिया। काम पूरा होने के बाद वापस घर में ही दुबके रहे। लोगों ने उसम भरी गर्मी से राहत पाने के लिए पंखा, कूलर और एसी का सहारा लिया। इसकी वजह से मुख्य मार्गों पर लोगों की चहल-पहल कम रही। गर्म हवा का अहसास देर शाम तक हुआ। रात आठ बजे के बाद मौसम बदलाव हुआ। आसमान में बदली छाई और फिर झमाझम बारिश शुरू हो गई। लोग जहां-तहां रूक गए। बारिश थमने का इंतजार करते रहे। लगभग एक घंटे की बारिश से शहर तरबतर हो गया। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी देर के लिए राहत मिली। लेकिन बारिश से कई इलाके में जलजमाव की स्थिति बनी रही। सबसे अधिक टीपी नगर सर्वमंगला पुल, इमलीछापर चौक, कुचैना मोड़ सहित अन्य मार्गों पर पानी भरा रहा। इस दौरान लोगों को आवाजाही में काफी असुविधा हुई। दिनभर तेज धूप की वजह से मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यनूतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौसम में उतार-चढ़ाव, आसमान में बदली और बारिश की वजह से लंबे समय बाद लोगों को नौतपा के तेज धूप से राहत मिली। हालांकि बारिश और धूप की वजह से वातावरण में नमी बरकरार है। इससे लोगों को उसम भरी गर्मी ने परेशान किया।