नये संभागायुक्त महादेव कावरे ने किया कार्यभार ग्रहण, प्रभार…- भारत संपर्क

बिलासपुर के नये संभागायुक्त महादेव कावरे ने आज कार्यभार ग्रहण कर लिया। श्री कावरे वर्ष 2008 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी हैं। राज्य शासन ने श्री कावरे को रायपुर के साथ-साथ बिलासपुर संभाग के संभागायुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री कावरे ने कार्यालय का निरीक्षण किया।
श्री कावरे ने कार्यायल की विभिन्न शाखाओं में पहुंचकर कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया एवं उनके काम-काज की जानकारी ली। उन्होंने सभी कर्मचारियों की टेबल पर नाम पट्टिका रखने के निर्देश दिए ताकि काम के सिलसिले में आने वाले लोग आसानी से उन्हें पहचान सकें। उन्होंने कोर्ट के सभी प्रकरणों को ऑनलाईन करने को कहा है। एनआईसी के सहयोग से इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण किया जाये। उन्होंने अनुकम्पा नियुक्ति के लंबित प्रकरण, शिकायत एवं उनकी जांच सहित राज्य शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। कबाड़ सामग्रियों के नियमानुसार निष्पादन करने को कहा है। उन्होंने संभाग स्तरीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली। इसके पहले श्री कावरे के कार्यालय पहंुचने पर कलेक्टर अवनीश शरण, निगम आयुक्त अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ रामप्रसाद चौहान, उपायुक्त श्रीमती अर्चना मिश्रा सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया।

संभागायुक्त महादेव कावरे ने कार्यभार ग्रहण करने के तत्काल बाद संभाग स्तरीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक ली। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर दफ्तर पहुंचे और समय पर वापस जाएं। हर अधिकारी कर्मचारी की टेबल पर उनकी नाम पट्टिका प्रदर्शित होने चाहिए।
श्री कावरे ने कहा कि लोक सेवा गारण्टी अधिनियम के तहत राज्य सरकार द्वारा जनता के कामों के लिए जो समय-सीमा निर्धारित की गई है, अनिवार्य रूप से इसका पालन किया जाये। निर्धारित प्रारूप में इसकी पंजी का संधारण किया जाये। मौसमी बीमारियों एवं खेती किसानी के बारे में भी जानकारी ली। स्वाईन फ्लू के कुछ प्रकरणों की जानकारी मिलने पर सजग रहने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं में भी महामारी एवं टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली। विभाग द्वारा कुछ समस्या की जानकारी बताये जाने पर दूर करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बैठक में निर्माण एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की। निर्माण कार्यो में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी संभाग स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के पहले अधिकारियों ने गुलदस्ता भेंटकर संभागायुक्त का स्वागत किया।
error: Content is protected !!