श्रीलंका टेस्ट से पहले इंडिया को बड़ा झटका… भारतीय क्रिकेट टीम में ‘इंजरी इमरजेंसी’, एक के बाद एक चोटिल सितारे; BCCI ने बुलाई बैठक
By Akash SharmaEdited By: Akash Sharma
Publish Date: Sun, 09 Aug 2026 03:48:22 PM (IST)Updated Date: Sun, 09 Aug 2026 03:48:22 PM (IST)

भारतीय क्रिकेट टीम में 13 खिलाड़ियों की फिटनेस चिंता बढ़ा रही है ( फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
- टीम इंडिया के 13 खिलाड़ी चोटों से जूझ रहे हैं
- BCCI सचिव देवजीत सैकिया VVS लक्ष्मण से मिलेंगे
- 15 अगस्त से गॉल में पहला टेस्ट खेला जाएगा
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले चोटों की समस्या से जूझ रही है। अभ्यास मैच के दौरान साई सुदर्शन के चोटिल होकर सीरीज से बाहर होने की खबर ने टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या समेत करीब 13 खिलाड़ी इस समय चोट या फिटनेस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में टीम इंडिया में इस वक्त ‘इंजरी इमरजेंसी’ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है।
अभ्यास मैच में बल्लेबाजों ने दिखाया दम
श्रीलंका में 15 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट से पहले भारतीय बल्लेबाजों ने अभ्यास मैच में अपनी तैयारी का मजबूत संकेत दिया। मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 363 रन बनाए।
इसके जवाब में भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 357 रन बना लिए। देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक लगाया, जबकि कप्तान केएल राहुल ने 40 रन की पारी खेली। रविंद्र जडेजा ने भी 63 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा। सीरीज से पहले भारतीय टीम की कोशिश खिलाड़ियों को पूरी तरह फिट रखने की है, लेकिन लगातार सामने आ रही चोटों ने टीम मैनेजमेंट की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
सुदर्शन और बुमराह की फिटनेस पर नजर
साई सुदर्शन और जसप्रीत बुमराह को फिटनेस के आधार पर टीम के स्क्वाड में शामिल किया गया था। हालांकि, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) की एक्सपर्ट टीम ने पूरी स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने का फैसला किया है। व्हाइट-बॉल स्पेशलिस्ट हार्दिक पंड्या क्वाड्रिसेप्स की समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं वरुण चक्रवर्ती और प्रिंस यादव हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं। खिलाड़ियों की रिकवरी और उन्हें मैदान पर वापसी के लिए तैयार करना फिलहाल स्पोर्ट्स साइंस टीम के सामने बड़ी चुनौती है।
स्पोर्ट्स साइंस टीम पर बढ़ा दबाव
टीम इंडिया में बढ़ती चोटों के बीच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्पोर्ट्स साइंस टीम पर भी काम का दबाव बढ़ गया है। दरअसल, 2025 की शुरुआत में नितिन पटेल के इस्तीफे के बाद से टीम में कोई हेड नहीं है।
ऐसे में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की चोट और उनके रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया को संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया है। टीम मैनेजमेंट और COE की विशेषज्ञ टीम का फोकस अब खिलाड़ियों को सुरक्षित तरीके से मैदान पर वापस लाने पर है।
BCCI ने लिया स्थिति का जायजा लेने का फैसला
लगातार चोटों की समस्या को देखते हुए BCCI भी अब सक्रिय हो गया है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया रविवार को बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचेंगे, जहां वह क्रिकेट प्रमुख VVS लक्ष्मण के साथ खिलाड़ियों के रिहैबिलिटेशन और चोट से उबरने की प्रक्रिया की समीक्षा करेंगे। BCCI के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर PTI को बताया कि स्थिति का जायजा लेने के लिए सैकिया और लक्ष्मण के बीच बैठक तय है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर या चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर इस बैठक में ऑनलाइन शामिल होंगे या नहीं।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ठीक पहले चोटों की बढ़ती संख्या ने टीम इंडिया की चिंता बढ़ा दी है। अब नजर इस बात पर होगी कि BCCI और COE मिलकर खिलाड़ियों की फिटनेस से जुड़ी इस चुनौती का किस तरह समाधान करते हैं।