📅 Sunday, 4 October 2026 | विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार
ब्रेकिंग न्यूज़

नर्मदा एक्सप्रेस का इंतजार कर रहा था युवक, दो बैगों से निकला 12.95 किलो गांजा

शेयर करें: 💬 WhatsApp f 𝕏 ✈️
नर्मदा एक्सप्रेस का इंतजार कर रहा था युवक, दो बैगों से निकला 12.95 किलो गांजा

image

बिलासपुर. बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में मध्यप्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से करीब 13 किलो गांजा बरामद हुआ है. पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 6 लाख 47 हजार 500 रुपये है.

पुलिस की कार्रवाई उस समय हुई, जब आरोपी बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7-8 पर नर्मदा एक्सप्रेस का इंतजार कर रहा था. बताया जा रहा है कि उसे ट्रेन से मध्यप्रदेश के जबलपुर की ओर जाना था.

संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
जीआरपी थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद यादव और एसआई विश्वनाथ चक्रवर्ती को शनिवार सुबह करीब 11 बजे प्लेटफॉर्म पर एक संदिग्ध युवक के घूमने की सूचना मिली. सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची.

पुलिस को देखते ही युवक ने वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसकी पहचान दीपक गुप्ता (33) के रूप में हुई. वह मध्यप्रदेश के सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित टिकुरियाटोला का रहने वाला बताया गया है.

दो बैगों में छिपाकर रखा था गांजा
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद दो बैगों से खाकी टेप में पैक किया हुआ गांजा बरामद किया गया. वजन करने पर इसकी कुल मात्रा 12 किलो 950 ग्राम निकली. पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस
जीआरपी के अनुसार, पूछताछ के दौरान गांजे की खेप उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के संबंध में कुछ अहम जानकारी मिली है. आरोपी के मोबाइल नंबर और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है.

पुलिस का कहना है कि जांच का फोकस केवल गांजा ले जा रहे आरोपी तक सीमित नहीं है. ओडिशा से मध्यप्रदेश तक मादक पदार्थ पहुंचाने वाले नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *