राजस्व विभाग में नौकरी का मौका, छत्तीसगढ़ के 24 जिलों में सहायक ग्रेड-3 के 100 पदों पर होगी सीधी भर्ती

छत्तीसगढ़ के 24 जिलों में सहायक ग्रेड-3 के 100 पदों पर सीधी भर्ती (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
- छत्तीसगढ़ के 24 जिलों में सहायक ग्रेड-3 के 100 पदों पर सीधी भर्ती
- पारदर्शी के लिए सरकारी दफ्तरों में जल्द तैनात होंगे नए कर्मचारी
- आरक्षण नियमों के तहत तुरंत पूरी करें राजस्व विभाग की भर्ती प्रक्रिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजस्व व आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में सहायक ग्रेड-तीन के 100 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की स्वीकृति प्रदान करते हुए सभी संबंधित जिला कलेक्टरों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में सरकार युवाओं को शासकीय सेवाओं से जोड़ने और आम जनता को पारदर्शी व त्वरित सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस प्रस्ताव को वित्त विभाग से भी वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। स्वीकृत 100 पदों में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में आठ, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी सात, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई सात, मुंगेली सात, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर सात, बलौदाबाजार-भाटापारा पांच, गरियाबंद पांच, बेमेतरा पांच, बिलासपुर पांच, कोरबा पांच, सक्ती में पांच पद शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का आंदोलन गरमाया, भूख-हड़ताल पर बैठे नरेंद्र को पुलिस ने जबरन अस्पताल में कराया भर्ती
साथ ही दुर्ग चार, बालोद चार, राजनांदगांव चार, कबीरधाम तीन, जांजगीर-चांपा तीन, रायगढ़ तीन, धमतरी दो, सारंगढ़-बिलाईगढ़ दो, बलरामपुर-रामानुजगंज दो, सूरजपुर दो, सुकमा दो, बीजापुर दो और जशपुर में एक पद शामिल हैं। शासन ने सभी कलेक्टरों को निर्धारित आरक्षण व नियमानुसार शीघ्र भर्ती कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए हैं।