रायपुर में आवारा कुत्तों का बढ़ा आतंक, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर झुंड बरकरार, समस्या होने पर इस नंबर पर करें Whatsapp

रायपुर रेलवे स्टेशन के अंदर प्लेटफार्म-एक में मौजूद कुत्ते, फोटो- नईदुनिया
HighLights
- रेलवे स्टेशन पर रात में कुत्तों का जमावड़ा बना रहता है
- लोगों को कुत्तों के भौंककर दौड़ाने की शिकायतें सामने आईं
- निगम ने जोन स्तर पर निगरानी की जिम्मेदारी तय की है
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। शहर में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार बनी हुई है। सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद सार्वजनिक स्थानों से कुत्तों को हटाने की स्थिति में अपेक्षित बदलाव नजर नहीं आ रहा है। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे प्रमुख स्थानों पर अब भी कुत्तों के झुंड घूमते दिखाई देते हैं।
निगम ने निगरानी की जिम्मेदारी तय की
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों से आवारा कुत्तों को हटाने के साथ ही जोन स्तर पर निगरानी की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई है। इसके बावजूद शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर कुत्तों की मौजूदगी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कई जगह कुत्तों के लोगों को भौंककर दौड़ाने की घटनाएं भी सामने आती हैं।
रात में रेलवे स्टेशन पर रहता है जमावड़ा
भनपुरी निवासी आदित्य मिश्रा ने बताया कि काम के सिलसिले में उन्हें अक्सर रायपुर से बाहर आना-जाना पड़ता है। उनके अनुसार रात के समय रेलवे स्टेशन के अंदर कुत्तों का जमावड़ा रहता है। कई बार कुत्ते भौंकते हुए उन्हें दौड़ा चुके हैं। उनका कहना है कि शहर के अधिकांश हिस्सों में आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है।
![naidunia_image]()
कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम की कार्रवाई कागजों और आंकड़ों तक सीमित है। नियमित निगरानी और सार्वजनिक स्थानों से आवारा कुत्तों को हटाने की प्रभावी व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है।
जोन स्तर पर जिम्मेदारी तय की गई है। सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों की निगरानी और उन्हें हटाने के लिए टीमों को निर्देश दिए गए हैं। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
– जसदेव बाबरा, उपायुक्त, नगर निगम, रायपुर