रायपुर में सेरीखेड़ी से सरोना तक बदलेगी सड़क की तस्वीर, 14.25 किलोमीटर सर्विस रोड चौड़ीकरण का काम हुआ शुरू

14.25 किलोमीटर मार्ग पर दोनों तरफ 10-10 मीटर सर्विस लेन बनेगी (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
HighLights
- सीएसपीडीसीएल ने खंभे और ट्रांसफार्मर हटाने का काम शुरू किया।
- अतिक्रमण हटने के बाद चौड़ीकरण कार्य में तेजी आने की संभावना
- रायपुर में रिंग रोड-1 की सर्विस लेन चौड़ीकरण की राह खुली
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। रिंग रोड नंबर-1 के सर्विस रोड चौड़ीकरण की परियोजना अब आगे बढ़ने लगी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) को बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों की शिफ्टिंग के लिए आठ करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है।
भुगतान मिलने के बाद सीएसपीडीसीएल ने विद्युत संरचनाओं को हटाने और दूसरी जगह स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे फरवरी में स्वीकृत करीब 100 करोड़ रुपये की परियोजना के निर्माण का रास्ता साफ हुआ है।
14.25 किलोमीटर में होगा सर्विस रोड का विस्तार
परियोजना के तहत सेरीखेड़ी से सरोना ओवरब्रिज तक करीब 14.25 किलोमीटर सड़क की दोनों ओर सर्विस लेन को 10-10 मीटर चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है। वर्तमान में इस मार्ग के कई हिस्सों में सर्विस रोड पर्याप्त चौड़ी नहीं है। रिंग रोड पर भारी वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण स्थानीय वाहन चालकों को कई जगह मुख्य राजमार्ग का इस्तेमाल करना पड़ता है। सर्विस लेन के विस्तार से स्थानीय यातायात को अलग मार्ग मिलने की उम्मीद है।
बिजली संरचनाओं की शिफ्टिंग महत्वपूर्ण चरण
चौड़ीकरण से पहले सड़क की निर्धारित सीमा में आने वाले बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों को हटाना जरूरी है। कई स्थानों पर विद्युत संरचनाएं प्रस्तावित सड़क क्षेत्र में आ रही हैं। अब भुगतान होने के बाद सीएसपीडीसीएल ने ऐसे स्थानों पर काम शुरू कर दिया है। खंभों और ट्रांसफार्मरों की शिफ्टिंग पूरी होने के साथ निर्माण एजेंसी को सड़क विस्तार के लिए जरूरी जगह उपलब्ध होती जाएगी।
पांच लाख लोगों को मिलेगा लाभ
परियोजना से लाभांडी, तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, संतोषी नगर, भाठागांव, मठपुरैना, कुशालपुर, डीडी नगर, चंगोराभाठा, रायपुरा और सरोना सहित आसपास के क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इन इलाकों की बड़ी आबादी रोजाना रिंग रोड से होकर आवागमन करती है। अंतरराज्यीय बस स्टैंड जाने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को भी इससे सुविधा मिलने की संभावना है।
जाम और हादसों का दबाव घटने की उम्मीद
सर्विस लेन चौड़ी होने के बाद स्थानीय वाहनों को मुख्य सड़क से अलग रास्ता मिल सकेगा। इससे भारी और स्थानीय वाहनों के एक ही मार्ग पर चलने की स्थिति कम हो सकती है। संकरी सर्विस रोड के कारण जिन स्थानों पर वाहन मुख्य मार्ग पर आते हैं, वहां भी यातायात दबाव कम होने की उम्मीद है।
अतिक्रमण हटाना भी जरूरी
बिजली खंभों और ट्रांसफार्मरों की शिफ्टिंग के बाद प्रस्तावित सड़क क्षेत्र को पूरी तरह खाली कराना अगला महत्वपूर्ण काम होगा। जहां अतिक्रमण या अन्य बाधाएं मौजूद हैं, वहां संबंधित विभागों को कार्रवाई करनी होगी। निर्धारित चौड़ाई उपलब्ध होने के बाद ही निर्माण कार्य लगातार गति पकड़ सकेगा।