रायपुर से दुर्ग कबड्डी खेलने आया खिलाड़ी, सेलूद नहर में पैर धोते समय तेज बहाव में बहा… SDRF ने दो दिन बाद बरामद किया शव
दुर्ग में नहर में बहा 17 साल का कबड्डी खिलाड़ी, SDRF ने दो दिन बाद बरामद किया शवHighLights
- हाथ-पैर धोते समय तेज बहाव में बहा
- SDRF ने दो दिन चलाया सर्च अभियान
- रविवार सुबह 5.30 बजे मिला शव
, दुर्ग। थाना उतई क्षेत्र के सेलूद भाटापारा स्थित नहर में डूबे 17 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान शिवम यादव के रूप में हुई है, जो रायपुर के गुढ़ियारी का रहने वाला था। वह कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए सेलूद आया था।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, 12 सितंबर को शिवम नहर किनारे हाथ-पैर धो रहा था। इसी दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला सेनानी और जिला अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर एसडीआरएफ दुर्ग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
दो दिन चला सर्च ऑपरेशन
एसडीआरएफ की टीम ने शनिवार को दिनभर नहर के गहरे पानी और तेज बहाव के बीच शिवम की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद रविवार सुबह करीब 5.30 बजे दोबारा सघन सर्च अभियान शुरू किया गया। नहर के संभावित हिस्सों में तलाशी के दौरान टीम को शिवम का शव मिल गया। शव को बाहर निकालकर पंचनामा और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना उतई पुलिस को सौंप दिया गया।
परिजनों और खिलाड़ियों में शोक
मृतक शिवम यादव कबड्डी खिलाड़ी था और प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अपने साथियों के साथ सेलूद भाटापारा आया था। हादसे की खबर के बाद उसके साथ आए खिलाड़ियों और परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Leave a Reply