📅 Thursday, 26 November 2026 | विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार
ब्रेकिंग न्यूज़

शादी के सीजन में रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, 26 नवंबर से 23 दिनों तक 65 ट्रेनें रद्द; देखें पूरी लिस्ट

शेयर करें: 💬 WhatsApp f 𝕏 ✈️
शादी के सीजन में रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, 26 नवंबर से 23 दिनों तक 65 ट्रेनें रद्द; देखें पूरी लिस्ट

image

रायपुर। शादी-विवाह के सीजन के बीच रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने रेलवे ट्रैक और स्टेशन पर चल रहे विकास एवं तकनीकी कार्यों के चलते 65 ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। 26 नवंबर से 18 दिसंबर तक अलग-अलग तारीखों में रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान कई ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते तक चलाया जाएगा और कई के मार्ग में बदलाव किया जाएगा।

रेलवे के इस फैसले का असर छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। खासकर शादी समारोह, छुट्टियों और लंबी दूरी की यात्रा की योजना बना चुके यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।

चौथी रेल लाइन और ऑटो सिग्नलिंग का काम

रेलवे के अनुसार, झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में अधोसंरचना विकास के तहत 27 नवंबर से 17 दिसंबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। वहीं बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच चौथी रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत चांपा स्टेशन को जोड़ने और चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का काम भी किया जाना है।

इन कार्यों के कारण 6 से 18 दिसंबर के बीच कई ट्रेनें प्रभावित होंगी। वहीं 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस को रायपुर के बजाय कोरबा और बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा।

इन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों पर पड़ेगा असर

रेलवे द्वारा अलग-अलग तारीखों में कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है। इनमें इतवारी-टाटानगर, टाटानगर-बिलासपुर, बिलासपुर-टाटानगर, हावड़ा-पुणे दुरंतो, पुणे-हावड़ा दुरंतो, सांतरागाछी-पुणे, पुणे-सांतरागाछी, मालदा टाउन-सूरत, सूरत-मालदा टाउन, कामाख्या-एलटीटी और एलटीटी-कामाख्या जैसी ट्रेनें शामिल हैं।

इसके अलावा हटिया-दुर्ग, दुर्ग-हटिया, हटिया-पुणे, पुणे-हटिया, शालीमार-भुज, भुज-शालीमार, एलटीटी-शालीमार और शालीमार-एलटीटी सहित कई लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन भी निर्धारित तिथियों पर प्रभावित रहेगा।

बिहार, दक्षिण भारत और अन्य राज्यों की ट्रेनें भी रद्द

बिहार, दक्षिण भारत और अन्य राज्यों के लिए चलने वाली कई ट्रेनों को भी रद्द किया गया है। चर्लपल्ली-दरभंगा, दरभंगा-चर्लपल्ली, तिरुपति-रक्सौल, रक्सौल-तिरुपति, रानी कमलापति-सांतरागाछी हमसफर, सांतरागाछी-जबलपुर हमसफर, गया-एलटीटी और एलटीटी-गया जैसी ट्रेनों का परिचालन अलग-अलग तारीखों में प्रभावित होगा।

इसके अलावा बिलासपुर-बक्सर, हटिया-एलटीटी, एलटीटी-हटिया, हैदराबाद-रक्सौल, रक्सौल-हैदराबाद, पोरबंदर-सांतरागाछी, वास्को द गामा-जसीडीह, ओखा-शालीमार, उदयपुर-शालीमार, हावड़ा-अहमदाबाद और नांदेड़-सांतरागाछी सहित कई अन्य ट्रेनें भी रद्द रहेंगी।

लोकल और मेमू ट्रेनों का परिचालन भी रहेगा बंद

रेलवे के फैसले से दैनिक यात्रियों को भी परेशानी हो सकती है। बिलासपुर-रायगढ़ मेमू, रायपुर-गेवरारोड मेमू और रायपुर-कोरबा मेमू 6 से 17 दिसंबर तक रद्द रहेंगी। इनकी वापसी सेवाएं रायगढ़-बिलासपुर मेमू, गेवरारोड-रायपुर मेमू और कोरबा-रायपुर मेमू 7 से 18 दिसंबर तक बंद रहेंगी।

इसके साथ ही बिलासपुर-गेवरारोड मेमू, बिलासपुर-कोरबा मेमू पैसेंजर और रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर का परिचालन भी प्रभावित रहेगा।

रेलवे के विकास और तकनीकी कार्यों के चलते यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की तारीख, रूट और स्टेटस की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *