सिमगा हादसा: 42 टन क्षमता के ट्रक पर 62 टन माल, हाईस्पीड लेन में 12 घंटे खड़ा रहा ‘मौत का ट्रक’
दुर्घटनाग्रस्त यात्री बस का निरीक्षण करते सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों की संयुक्त टीमHighLights
- दरचुरा में बस-ट्रक हादसे में 5 की मौत
- 42 टन क्षमता वाले ट्रक पर 62 टन लोड
- हाईस्पीड लेन में 12 घंटे खड़ा था ट्रक
राज्य ब्यूरो, , रायपुर। सिमगा थाना क्षेत्र के दरचुरा गांव के पास 26 अक्टूबर को हुए बस-ट्रक हादसे में पांच यात्रियों की मौत के मामले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियां उजागर हुई हैं। सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों की संयुक्त टीम की जांच में कई बड़ी लापरवाहियां सामने आई हैं।
हाईस्पीड लेन में 12 घंटे से खड़ा था ओवरलोड ट्रक
जांच में पता चला कि हाईस्पीड लेन में 62 टन का ओवरलोड ट्रक 12 घंटे से अधिक समय तक खड़ा था। उस पर न तो रेडियम-रिफ्लेक्टर लगे थे, न पेंट था और न ही हैजार्ड लाइट जल रही थी। ट्रक की क्षमता 42 टन थी, लेकिन उस पर 20 टन से ज्यादा अतिरिक्त माल लदा हुआ था। खराब होने के बाद भी उसे हटाने के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे।
NHAI और टोल एजेंसी के पास क्रेन तक नहीं
टीम ने घटनास्थल, बस और ट्रक का निरीक्षण किया। यातायात सलाहकार संजय शर्मा ने बताया कि हादसे की बड़ी वजह उनींदा चालक, अनियंत्रित गति और हाईस्पीड लेन में खड़ा ओवरलोड ट्रक था। टोल प्लाजा पर मौजूद 30 टन क्षमता की क्रेन इतने भारी वाहन को हटाने में सक्षम नहीं थी। हादसे के बाद बड़ी क्रेन मंगाकर वाहनों को हटाया गया।
बस चालक को मिला था सिर्फ एक घंटे का आराम
जांच में यह भी सामने आया कि यात्री बस में केवल एक चालक था। कोरबा में बस रोकने के बाद रायल ट्रैवल के चालक को महज एक घंटे की नींद मिली थी। हादसे से करीब 30 मिनट पहले बस ने 24 किलोमीटर का सफर तय किया था और उसकी रफ्तार लगभग 70 किमी प्रति घंटा थी। हादसे के बाद बस चालक पर मामला दर्ज किया गया है और आरटीओ को तकनीकी जांच के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ ई-बसों के पहियों पर डिपो का ब्रेक, रायपुप-बिलासपुर-कोरबा में 100 ई-बसें कब चलेंगी? जानें लेटेस्ट अपडेट
Leave a Reply