पाली में खूनी झड़प, ट्रांसपोर्टर की हत्या से तनाव, पुलिस…- भारत संपर्क

0

पाली में खूनी झड़प, ट्रांसपोर्टर की हत्या से तनाव, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ पाली, विरोध में नगर बंद, भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित 12 हुए गिरफ्तार

कोरबा। पाली थाना क्षेत्र में कोयला खदान पर वर्चस्व को लेकर हुई खूनी झड़प में ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। खदान पर दबदबे को लेकर दो गुटों के बीच विवाद चल रहा था, जो हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान हमलावरों ने ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल पर हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद पाली शहर में आक्रोश फैल गया है। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस को पहले से इस विवाद की जानकारी थी। लेकिन समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई। रोहित के भाई ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। इस घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने शनिवार को पाली शहर को बंद रखने का ऐलान किया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत संचालित एसईसीएल की कोरबा परियोजना क्षेत्र के सरायपाली बुड़बुड़ खदान में लंबे समय से चली आ रही कोयला के वर्चस्व की लड़ाई में आखिरकार एक ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की जान चली गई। धीरे-धीरे सुलग रही रंजिश की यह चिंगारी एकाएक इतना भयानक रूप लेकर भडक़ जाएगी कि किसी को अपनी जान गंवानी पड़ेगी, इसका अंदाजा तो नहीं था। घटना को लेकर एसईसीएल के चंद अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस की समय रहते निभाई जाने वाली मध्यस्थता की भूमिका की नाकामी को भी नकारा नहीं जा सकता। तमाम आशंकाओं-कुशंका के बीच आखिरकार यह बढ़ता तनाव शुक्रवार की रात 10 बजे बड़े गैंगवार के रूप में सामने आया। वही पाली क्षेत्र में कोयला की लड़ाई में यह गैंगवार अमन पसंद लोगों के बीच आक्रोश और शोक मिश्रित सन्नाटे के साथ चिन्ता की वजह बन गया है। सूत्रों ने बताया कि एमटीसी कंपनी ग्रुप के रोहित जायसवाल व अन्य लोगों के साथ दूसरे ग्रुप के लोगों का पहले लोडिंग को लेकर सरायपाली परियोजना के गेट पर विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ा कि आपस में जमकर मारपीट हो गई। इस गैंगवार के दौरान हथियार का इस्तेमाल करने की भी बातें सामने आई है। रोहित जायसवाल के सीने पर हथियार से हमला करने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस गैंगवार में कुछ और लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से दो को अस्पताल पहुंचाया जा सका। मामले में 16 लोगो के खि़लाफ नामजद हुआ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में भाजपा मंडल अध्यक्ष रोशन ठाकुर, गौरव सिंह ठाकुर, वासु ठाकुर, सौरभ श्रीवास, सुशांत ठाकुर उर्फ सीजू, संस्कार ठाकुर, मोंटी कश्यप, मुकेश श्रीवास, सुनील सागर, प्रभात दुबे, निलेश सिह राज, कैलाश कैवर्त, अनिल मरावी उर्फ छोटू, मयंक सिंह ठाकुर, सूरज पासवान, सुरेंद्र सिंह चौहान शामिल हैं। मामले में एसईसीएल के सब एरिया मैनेजर सुरेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
बाक्स
डटे रहे पुलिस अधीक्षक
घटना को लेकर पाली नगर सन्न है, लोगों में नाराजगी भी है, शोक भी और इस बात की चिंता भी है कि शुरू हुआ यह खूनी गैंगवार भविष्य में क्या रूप ले सकता है? पाली में बनते- बिगड़ते और तनावपूर्ण हालातों के बीच पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी थाना में डटे हुए रहे। उन्होंने अपनी टीम को एक्टिव कर दिया है,सायबर टीम सक्रिय हो गई है और घटना से जुड़े लोगों व संदेहियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है। कुछ प्रमुख लोगों के घर के सामने पुलिस तैनात है।
बॉक्स
भाजपा अध्यक्ष मनोज भी पहुंचे
घटना की जानकारी के बाद जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज शर्मा पाली पहुंचे। उनके साथ भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय भावनानी, पाली नगर पंचायत के अध्यक्ष अजय जायसवाल भी थाना में मौजूद हैं। इस घटना से नाराज लोगों ने आज शनिवार को नगर बंद रखने का आव्हान किया।
बॉक्स
पाली थाना प्रभारी लाइन अटैच
इधर दूसरी तरफ घटना दिनांक को पाली के थानेदार विनोद सिंह थाना से नदारत रहे । ड्यूटी में बरती गई लापरवाही को ध्यान में रखते हुए एसपी सिद्दार्थ तिवारी ने पाली थाना प्रभारी एसआई विनोद सिंह को तत्काल लाइन अटैच कर दिया है। दर्री थाना संभाल रहे राजेश तिवारी को पाली का थानेदार बनाया है। दर्री थाना का प्रभार निरीक्षक ललित चन्द्रा को दिया गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*सीएम विष्णुदेव साय ने दी बड़ी सौगात, जिले के खर्रा नाला में 6 करोड़ 26 लाख…- भारत संपर्क| 900 करोड़ी एक्ट्रेस को किस बात का है डर? आउटसाइडर्स के स्ट्रगल्स पर तृप्ति डिमरी… – भारत संपर्क| Xiaomi, Redmi और POCO के इन फोन को कंपनी नहीं देगी सॉफ्टवेयर अपडेट, ये है पूरी… – भारत संपर्क| JNVST Class 6 Admission 2025 Registration: नवोदय विद्यालय कक्षा 6 एडमिशन के लिए…| HAM नेता का मर्डर, 24 केस… बिहार के कुख्यात बदमाश डबलू यादव का हापुड़ में… – भारत संपर्क