Trains Cancelled: बालोद में भारी बारिश से रेलवे ट्रैक धंसा, 5 ट्रेनें कैंसिल; कॉशन ऑर्डर पर चल रही ट्रेनें
भारी बारिश से बालोद में रेलवे ट्रैक धंसा, 3 घंटे तक रुकी रही पैसेंजर ट्रेनHighLights
- दुर्ग-दल्लीराजहरा पैसेंजर 3 घंटे तक रुकी रही
- DRM रायपुर दयानंद ने मौके पर किया निरीक्षण
- 26 सितंबर को 5 ट्रेनें रद की गईं
, बालोद। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब रेल यातायात पर भी पड़ा है। दुर्ग-दल्लीराजहरा रेलखंड के लाटाबोड़-गुंडरदेही के बीच शनिवार तड़के भारी जलभराव से रेलवे ट्रैक धंसने की स्थिति बन गई।
ट्रैक में खराबी सामने आने के बाद यात्री सुरक्षा को देखते हुए दुर्ग-दल्लीराजहरा डीडीएम पैसेंजर को गुंडरदेही रेलवे स्टेशन पर करीब तीन घंटे तक रोकना पड़ा। रेलवे की इंजीनियरिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत शुरू की, जिसके बाद कॉशन ऑर्डर जारी कर ट्रेन को सावधानी से आगे रवाना किया गया।
पानी भरने से धंसी पटरी
जानकारी के अनुसार किलोमीटर नंबर 909/4-5 के बीच बारिश के कारण ट्रैक पर पानी भर गया और पटरी के नीचे की मिट्टी धंस गई। सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन नंबर 78817 दुर्ग-दल्लीराजहरा डीडीएम पैसेंजर को सुबह 3.35 बजे गुंडरदेही स्टेशन पर रोक दिया गया।
रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ट्रैक को सुरक्षित करने का काम शुरू किया। करीब 6.40 बजे कॉशन ऑर्डर जारी होने के बाद ट्रेन को दल्लीराजहरा के लिए रवाना किया गया। प्रभावित हिस्से में ट्रेन को सावधानी और नियंत्रित स्पीड से चलाया गया।
डीआरएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक रायपुर दयानंद सहित संरक्षा और इंजीनियरिंग विभाग के मंडल स्तरीय अधिकारी सुबह करीब 9 बजकर 4 मिनट पर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जलभराव और धंसे ट्रैक का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य की जानकारी ली। रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी-कर्मचारी भी मौके पर तैनात रहे। इंजीनियरिंग विभाग की टेक्निकल टीम ट्रैक को दुरुस्त करने में जुटी रही।
26 सितंबर को 5 ट्रेनें रद
ट्रैक की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने 26 सितंबर को पांच ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है। ट्रेन नंबर 78816 अंतागढ़-रायपुर का दल्लीराजहरा से रायपुर के बीच परिचालन रद्द रहेगा। 78815 रायपुर-अंतागढ़ रद्द रहेगी। 78818 अंतागढ़-दुर्ग दल्लीराजहरा से चलेगी और अंतागढ़ से दल्लीराजहरा के बीच सेवा रद्द रहेगी। इसी तरह 68765 ताड़ोकी-रायपुर और 68764 रायपुर-ताड़ोकी का परिचालन भी 26 सितंबर को रद्द रहेगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार संबंधित रेलखंड में ट्रैक की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। टेक्निकल टीम द्वारा ट्रैक को सुरक्षित और दुरुस्त करने का काम जारी है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रैक की स्थिति के अनुसार आगे परिचालन पर फैसला लिया जाएगा।
Leave a Reply