विदेशी डोनर का ई-मेल और वेबसाइट हैक कर जशपुर में RAHA संस्था से 14.43 लाख की साइबर ठगी

HighLights
- जर्मनी के एक विदेशी डोनर के नाम से ई-मेल मिला था
- दूसरे बैंक खाते में फिर रकम मांगे जाने पर संदेह हुआ
- बैंक खातों और ई-मेल से जुड़े साक्ष्यों की हो रही पड़ताल
, जशपुरनगर। जशपुर जिले के पत्थलगांव में स्वास्थ्य परियोजनाओं पर काम करने वाली रायगढ़ अंबिकापुर हेल्थ एसोसिएशन (राहा) संस्था से 14 लाख 43 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है।
आरोप है कि अज्ञात साइबर ठगों ने संस्था को आर्थिक सहयोग देने वाले विदेशी डोनर के ई-मेल और वेबसाइट को हैक कर फंडिंग के नाम पर रकम ट्रांसफर करा ली।
जर्मनी के एक विदेशी डोनर के नाम से ई-मेल मिला था
शिकायत पर साइबर थाना जशपुर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एएसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि संस्था की डायरेक्टर सिस्टर मेरी क्रेसेन्सिया टोप्पो को 18 सितंबर 2026 को जर्मनी के एक विदेशी डोनर के नाम से ई-मेल मिला था।
इसमें पुराने प्रोजेक्ट को आगे जारी रखने के लिए आर्थिक सहयोग देने की बात कही गई थी। इसके बाद ऑपरेशन के लिए रकम की मांग की गई और राशि लौटाने का आश्वासन दिया गया।
कुल 14.43 लाख बताए गए बैंक खाते में जमा करा दिए
संस्था ने दूसरे ई-मेल के जरिए पुष्टि करने का प्रयास किया, लेकिन वहां से भी रकम भेजने को कहा गया। इसके बाद संस्था ने 22 सितंबर को पहली किस्त में 2 लाख 95 हजार रुपये और फिर 4 लाख रुपये ट्रांसफर किए। अगले दिन 23 सितंबर को 7 लाख 48 हजार रुपये और भेज दिए गए। इस तरह कुल 14 लाख 43 हजार रुपये बताए गए बैंक खाते में जमा करा दिए गए।
दूसरे बैंक खाते में फिर रकम मांगे जाने पर संदेह हुआ
बाद में दूसरे बैंक खाते में फिर रकम मांगे जाने पर संस्था को संदेह हुआ। कंप्यूटर विशेषज्ञ से जांच कराने पर डोनर की वेबसाइट हैक होने की जानकारी मिली। इसके बाद आगे रकम भेजना रोक दिया गया। संस्था की डायरेक्टर ने 8 अक्टूबर को साइबर थाना जशपुर में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें- गूगल पर पेट्रोल पंप सर्च करना पड़ा भारी, लाइसेंस के नाम पर 4.61 लाख की ऑनलाइन ठगी, रामचंद्रपुर में FIR
बैंक खातों और ई-मेल से जुड़े साक्ष्यों की हो रही पड़ताल
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने प्रकरण दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस बैंक खातों और ई-मेल से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
मामले में डायरेक्टर सिस्टर मेरी क्रेसेन्सिया टोप्पो की शिकायत पर अपराध पंजिबद्व कर जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
-राकेश पाटनवार,एएसपी,जशपुर।
Leave a Reply