अंतिम चरण में गांव की सरकार चुनने मतदाताओं ने दिखाया उत्साह,…- भारत संपर्क
अंतिम चरण में गांव की सरकार चुनने मतदाताओं ने दिखाया उत्साह, मतदाताओं ने दी वोटों की पूर्णाहुति
कोरबा। त्रि-स्तरीय पंचायत के तीसरे और अंतिम चरण में रविवार को कटघोरा और पाली विकासखंड में पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए मतदाताओं ने वोटिंग की। सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। अंतिम चरण में दो लाख 33 हजार 922 मतदाता वोट डालने अधिकृत थे। जो सुबह से कतारबद्ध होकर अपना प्रतिनिधि चुनने मतपत्रों पर मुहर लगाते रहे। मतदान कराने शनिवार सुबह मतदान केंद्रों के लिए चुनाव सामाग्री के साथ दलों को रवाना किया गया। दल को मतपेटी के साथ मतदान संबंधी अन्य सामग्री प्रदान की गई। मतदान दलों को पुलिस की सुरक्षा में बसों से रवाना किया गया। कटघोरा जनपद अंतर्गत कुल 162 मतदान केंद्रों में मतदान हुआ। इसमें 711 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। एक बूथ में पीठासीन अधिकारी सहित मतदान दल में चार अन्य कर्मचारी शामिल रहे। इसमें से एक स्थानीय कर्मचारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में शामिल रही। कटघोरा जनपद में पंच के 764 पद है। जिसमें 347 वार्डों में निर्विरोध और 417 वार्ड में चुनाव हुए। इसी प्रकार सरपंच के 52 पदों में से 03 में निर्विरोध 49 में चुनाव, जनपद सदस्य के 17 पदों के लिए और जिला पंचायत के दो सदस्यों के लिए निर्वाचन किया गया। पाली जनपद में कुल 281 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें रिजर्व मिलाकर कुल 1124 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पाली में मतदाताओं की कुल संख्या एक लाख 50 हजार 840 है। यहां सरपंच के लिए 92 पद है। जिसमें से 02 पदों पर निर्विरोध सरपंच चुन लिया गया है। 90 पदों पर निर्वाचन के लिए मतदान किया गया। इसी तरह पंच के लिए 1408 वार्ड है, इसमें से 688 में निर्विरोध चयन कर लिया गया है। दो पद रिक्त है। 718 में पंच के लिए चुनाव हुआ। जनपद सदस्य के 24 पद है। इसमें सभी में चुनाव हुआ। जिला पंचायत की सीटों के लिए भी वोट डालेंगे गए। दोनों विकासखंड में जिला पंचायत की पांच सीटें हैं। सुबह से ही मतदाताओं का उत्साह नजर आया। सुबह 7 बजे से पहले ही केंद्रों में मतदाता पहुंचने लगे थे। पहले मतदान फिर जलपान की सोच रखने वाले मतदाताओं ने पहले एक घंटे में ही गांव की सरकार चुनने वोट डाल लिया था।इधर पंचायत चुनाव में जीत हासिल करने के लिए जनपद पंचायत पाली और कटघोरा के प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। अंतिम दिन प्रत्याशियों ने मतदाताओं को साधने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। व्यक्तिगत तौर पर संपर्क किया और अपने लिए वोट मांगा। इसके अलावा जिला पंचायत का चनाव लड़ रहे प्रत्याशी भी मतदाताओं से रू-ब-रू हुए।