128 करोड़ की अटल विहार योजना में देरी से मोहभंग, 10 प्रतिशत कटौती के साथ रिफंड ले रहे लोग
दूर से अधूरे आवास ऐसे ही दड़हा की शोभा बढ़ रहे हैं।HighLights
- आठ साल पहले 25 हजार जमा कर बुक कराए थे मकान।
- कॉलोनी तक पहुंचने के तीन रास्ते, लेकिन तीनों ही कच्चे।
- निर्माण में देरी और सड़क न होने से पंजीयन रद करा रहे लोग।
, बिलासपुर। बोदरी नगर पंचायत में अटल विहार आवासीय योजना के तहत मकान खरीदने का सपना लेकर आठ साल पहले 25-25 हजार रुपये जमा करने वाले लोग अब पंजीयन रद कराने के लिए आवेदन कर रहे हैं। इसकी बड़ी वजह निर्माण में लंबी देरी के साथ कालोनी तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क का नहीं होना है। कालोनी तक पहुंचने के लिए तीन रास्ते जरूर हैं, लेकिन तीनों कच्चे हैं।
एक रास्ते से करीब आठ किलोमीटर घूमकर चकरभाठा की ओर से पहुंचना पड़ता है, दूसरा दाधापारा रेलवे स्टेशन के पास कोल साइडिंग के बाजू से प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग है, जबकि तीसरा रास्ता शहर के नजदीक सिरगिट्टी इंडस्ट्रियल एरिया से आगे बढ़कर खेतों के बीच होकर जाता है। यह रास्ता महज पांच फीट चौड़ा है। ऐसे में मकान खरीदने के लिए आठ साल पहले पंजीयन कराने वाले अब आवंटन लेने के बजाय अपनी जमा पूंजी वापस मांग रहे हैं।
वर्ष 2018 में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने करीब 128 करोड़ रुपये की लागत से 462 मकानों का निर्माण का ठेका दिया था। योजना में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), निम्न आय वर्ग (एलआईजी), मध्यम आय वर्ग (एमआईजी) और उच्च आय वर्ग (एचआईजी) के लिए मकान प्रस्तावित किए गए थे। शुरुआत में काम चला, लेकिन दड़हा के ग्रामीणों के विरोध के कारण निर्माण प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों का कहना था कि उनके वार्ड तक 28 वर्षों से सड़क नहीं बनाई गई और अब कालोनी निर्माण के लिए भारी वाहनों से सामग्री पहुंचाई जा रही है। विरोध के चलते ठेकेदार ने काम बीच में ही छोड़ दिया। इसके बाद वर्ष 2020 से 2022 तक कोरोना संक्रमण के कारण भी काम बंद रहा।
अधूरे निर्माण के साथ अटका पहुंच मार्ग
पहले ठेकेदार ने व्यावसायिक परिसर का अधूरा बेसमेंट और 65 एलआईजी मकानों का आधा-अधूरा निर्माण कराया। पांच मकानों की छत की ढलाई ही हो सकी थी। बाद में विभाग ने निर्माण की जिम्मेदारी दूसरे ठेकेदार रविशंकर त्रिपाठी को सौंपी। फिलहाल पुराने अधूरे मकानों को पूरा करने का काम चल रहा है। हालांकि कॉलोनी तक पहुंचने के लिए अब तक कोई पक्की सड़क विकसित नहीं हो सकी है। तीनों कच्चे रास्तों के कारण बारिश के दिनों में आवागमन की परेशानी और बढ़ सकती है।
तीन रास्ते, लेकिन किसी से भी नहीं पहुंच सकते आसानी से
कालोनी पहुंचने का पहला रास्ता चकरभाठा की ओर से है। इस मार्ग से करीब आठ किलोमीटर का चक्कर लगाकर पहुंचना पड़ता है और रास्ता भी कच्चा है। दूसरा रास्ता दाधापारा रेलवे स्टेशन के पास कॉल साइडिंग के बाजू से प्रस्तावित है। विभाग ने रेलवे पटरी के किनारे जिला पंचायत की जमीन पहुंच मार्ग के लिए ली है, लेकिन इस रास्ते को सुगम बनाने के लिए रेलवे क्रासिंग पर अंडरब्रिज बनाना जरूरी होगा।
इसके लिए रेलवे और शासन के स्तर पर समन्वय की जरूरत है। तीसरा रास्ता शहर के नजदीक सर्किट इंडस्ट्रियल एरिया से होकर खेतों के बीच से निकलता है। इसकी चौड़ाई महज पांच फीट है। तीनों रास्तों की स्थिति यह है कि कॉलोनी तक पहुंचने के लिए एक भी पक्की सड़क उपलब्ध नहीं है।
200 मकानों के आवंटन के लिए फिर निकाला टेंडर
योजना के 462 मकानों में से अब तक करीब 260 मकानों का आवंटन हुआ है। शेष 200 मकानों के आवंटन के लिए विभाग ने दोबारा टेंडर जारी किया है। दूसरी ओर, पुराने आवंटियों में भी मकान लेने को लेकर उत्साह कम हो रहा है। विनोबा नगर निवासी अभिजीत मित्रा ने बताया कि उन्होंने आठ साल पहले एलआईजी मकान के लिए पंजीयन कराया था। निर्माण में देरी और कॉलोनी तक पक्का रास्ता नहीं होने के कारण अब उन्होंने पंजीयन रद कराने का आवेदन दिया है। उनका कहना है कि विभाग ने राशि लौटाने की बात कही है, लेकिन नियमानुसार 10 प्रतिशत कटौती की जाएगी।
75 नए मकानों का निर्माण जारी
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की कार्यपालन अभियंता जूही श्रीवास्तव के अनुसार, बोदरी परियोजना में कुछ आवंटी रिफंड मांग रहे हैं। जिनके आवंटन आदेश जारी हो चुके हैं, उन्हें नियमानुसार पंजीयन राशि में कटौती के बाद भुगतान किया जाता है। बिना आवंटन वाले कुछ मामलों में पूरी राशि भी लौटाई गई है। उनके अनुसार पुराने अधूरे मकानों के साथ 75 नए मकानों का निर्माण जारी है और 81 अन्य मकानों का वर्क आर्डर भी जारी हो चुका है।
तीन रास्ते, लेकिन तीनों कच्चे
चकरभाठा मार्ग: इस रास्ते से कॉलोनी पहुंचने के लिए करीब आठ किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। सड़क कच्ची है।
दाधापारा मार्ग: रेलवे स्टेशन के पास कॉल साइडिंग के बाजू से वैकल्पिक रास्ता प्रस्तावित है। रेलवे अंडरब्रिज के बिना यह मार्ग पूरी तरह उपयोगी नहीं हो सकता।
सर्किट इंडस्ट्रियल एरिया मार्ग: शहर के नजदीक खेतों के बीच से होकर जाता है। इसकी चौड़ाई महज पांच फीट है और यह भी कच्चा है।
नतीजा: तीन रास्ते होने के बावजूद अटल विहार कॉलोनी तक पहुंचने के लिए एक भी पक्की सड़क उपलब्ध नहीं है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के निकायों में चुपके से बिछ रही थी पाइपलाइन, प्रशासन ने सात बिंदुओं में मांगा जवाब
Leave a Reply