महासमुंद में NH-53 पर भीषण हादसा, संबलपुर से लौट रही कार ट्रक में घुसी, दो महिलाओं की मौके पर मौत; तीन घायल
बावनकेरा चौक के पास कार-ट्रक की जोरदार टक्करHighLights
- संबलपुर से लौट रही थी कार, पांच थे सवार
- तीन घायल, तुमगांव स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती
- ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार
, महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बावनकेरा चौक के पास भीषण सड़क हादसे (Mahasamund Accident) में कार सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। संबलपुर से लौट रही कार आगे चल रहे 16 चक्का ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना पटेवा थाना क्षेत्र की है।
संबलपुर से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे, जो संबलपुर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बावनकेरा चौक के पास कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
घायलों को तुमगांव अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने मदद पहुंचाई और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग संभवतः राजनांदगांव के निवासी हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों के नाम व पते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही पटेवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों तथा फरार ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
Leave a Reply