रायपुर: सस्ती हुईं कैंसर की 137 दवाएं, ज्यादा दाम वसूलने पर इस नंबर पर करें शिकायत
Demo PicHighLights
- कैंसर इलाज में इस्तेमाल होने वाली 137 दवाओं की कीमतें घटीं।
- अस्पतालों व मेडिकल स्टोरों को संशोधित एमआरपी पर बेचने के निर्देश।
- अधिक राशि वसूलने पर हेल्पलाइन और ई-मेल पर कर सकेंगे शिकायत।
राज्य ब्यूरो, , रायपुर: कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 137 दवाओं की कीमतों में संशोधन किया गया है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने इन दवाओं पर ट्रेड मार्जिन रेशनलाइजेशन (टीएमआर) लागू किया है। इसके तहत नई अधिकतम खुदरा कीमतें (एमआरपी) नौ नवंबर से लागू हो गई हैं।
नई दरों का लाभ मरीजों तक पहुंचाने के लिए राज्य औषधि मूल्य निगरानी एवं संसाधन इकाई (सीजीपीएमआरयू) ने दवा विक्रेताओं, अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को निर्देश जारी किए हैं। उन्हें संशोधित कीमतों का पालन करने और दवाओं की नई मूल्य सूची प्रदर्शित करने को कहा गया है। निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विभाग ने मरीजों और उनके स्वजन से दवा खरीदते समय पैक पर लिखी एमआरपी जांचने की अपील की है। यदि कोई दुकानदार या अस्पताल तय कीमत से ज्यादा पैसे लेता है या दवा उपलब्ध नहीं कराता है, तो इसकी शिकायत की जा सकती है।
इसके लिए एनपीपीए के हेल्पलाइन नंबर 1800-111-255 और सीजीपीएमआरयू के नंबर 9340595097 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा [email protected] और [email protected] पर ई-मेल से भी शिकायत की जा सकती है।
यह भी पढ़ें- बाल दिवस पर रायपुर स्टेशन में खुला बाल श्रम का खेल: 200 रुपये रोजी पर नाबालिग से बिनवा रहे थे शराब की बोतलें
Leave a Reply