भिलाई-दुर्ग में इलेक्ट्रिक बस का हुआ ट्रायल, पहले चरण में चलेंगी 20 बसें; 50 ई-बसों को मिली मंजूरी
पहले चरण में चलेंगी 20 ई-बसें, HighLights
- पहले चरण में चलेंगी 20 ई-बसें
- ट्रायल के लिए भिलाई आई बस
- 32 सीटर है बस, 50 को मंजूरी
, भिलाई। भिलाई-दुर्ग में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में जल्द ही इलेक्ट्रिक बस शामिल होने वाली हैं। बुधवार को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत एक इलेक्ट्रिक बस को ट्रायल के लिए भिलाई लाया गया। हालांकि, यात्रियों को ई-बस सेवा के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि बसों के संचालन के लिए जरूरी चार्जिंग डिपो अब तक पूरी तरह तैयार नहीं हो पाया है।
उल्लेखनीय है कि दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लिए कुल 50 इलेक्ट्रिक बसों की मंजूरी मिली है। पहले चरण में 20 बसों का संचालन प्रस्तावित है। इसके लिए बसों के रूट भी निर्धारित किए गए हैं।
योजना के तहत दुर्ग बस स्टैंड से पावर हाउस, बेरला, साजा और गंडई तथा दुर्ग रेलवे स्टेशन से गुंडरदेही, पाटन, रायपुर, माना एयरपोर्ट और नया रायपुर सहित विभिन्न मार्गों पर बसें चलाने की तैयारी है।
उतई और चंदूलाल अस्पताल जैसे स्थानीय मार्ग भी प्रस्तावित सूची में शामिल हैं। ई-बस सेवा शुरू होने पर शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को भी सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा। वहीं नौकरीपेशा, विद्यार्थी और रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
32 सीटर है बस
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से डीजल-पेट्रोल पर निर्भरता घटने और प्रदूषण कम होने का भी दावा किया जा रहा है। बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, लाइव लोकेशन ट्रैकिंग तथा मोबाइल ऐप आधारित टिकटिंग जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
इससे यात्रियों को बस की स्थिति और यात्रा संबंधी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। जो बस आज चलाई गई वह 32 सीटर है और मध्यम श्रेणी की है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में काली साड़ी पहनकर आंदोलन करेंगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, थाली और चम्मच बजाकर उठाएंगी मांग
डिपो तैयार होने के बाद ही नियमित संचालन
ई-बसों के लिए दुर्ग क्षेत्र में डिपो विकसित किया जा रहा है। इसमें बस पार्किंग के साथ चार्जिंग की व्यवस्था होनी है। ट्रायल बस पहुंचने के बावजूद चार्जिंग डिपो का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में बसों की नियमित सेवा कब से शुरू होगी, यह डिपो के पूरी तरह तैयार होने पर निर्भर करेगा।
फिलहाल, संचालन की निश्चित तारीख तय नहीं हो पाई है। डिपो में अब तक बिजली आपूर्ति का काम पूरा नहीं हो पाया है। रेल लाइन के नीचे से 33/11 केवी क्षमता की लाइन निकालने एक दो दिनों में काम शुरू होना है। रेलवे ने एनओसी जारी कर दी है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में सभी शौचालयों का होगा ऑडिट, बदहाल व्यवस्था की होगी जांच; दो दिन तक चलेगा अभियान
Leave a Reply