📅 Wednesday, 18 November 2026 | विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार
ब्रेकिंग न्यूज़

बिलासपुर के धान खरीदी केंद्र में आगजनी, 11 बंडल नए बारदाने जलकर राख; चौकीदार और CCTV व्यवस्था पर सवाल

शेयर करें: 💬 WhatsApp f 𝕏 ✈️
बिलासपुर के धान खरीदी केंद्र में आगजनी, 11 बंडल नए बारदाने जलकर राख; चौकीदार और CCTV व्यवस्था पर सवाल

image

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही खरीदी केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताजनक मामला सामने आया है. मस्तूरी विकासखंड के ग्राम गोढ़ी स्थित धान उपार्जन केंद्र में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी. इस घटना में धान भरने के लिए रखे गए 11 बंडल नए बारदाने जलकर नष्ट हो गए. घटना के बाद केंद्र की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो गए हैं.

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात हुई इस घटना का पता सोमवार सुबह करीब 4 बजे चला. केंद्र का लिपिक जब परिसर पहुंचा तो बारदानों के ढेर से जले हुए अवशेष मिले. बताया जा रहा है कि केंद्र में कुल 30 बंडल नए बारदाने रखे हुए थे, जिनमें से 11 बंडल आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए. शुरुआती आशंका है कि आग लगाने के लिए मिट्टी तेल का इस्तेमाल किया गया होगा. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

चौकीदार की तैनाती के बावजूद कैसे हुई आगजनी?

घटना ने खरीदी केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. केंद्र में चौकीदार की तैनाती होने के बावजूद रात के समय उसकी मौजूदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. समिति के पदाधिकारियों ने इस घटना के पीछे सुनियोजित साजिश होने की आशंका भी जताई है.

CCTV कैमरे की निगरानी पर भी सवाल

धान खरीदी केंद्र परिसर में केवल एक CCTV कैमरा लगा हुआ था, लेकिन उसकी स्थिति ऐसी थी कि बारदानों का ढेर कैमरे की निगरानी में नहीं आ रहा था. इसके अलावा घटना के समय कैमरा चालू था या बंद, इसकी जानकारी भी स्पष्ट नहीं हो पाई है. ऐसे में आग लगाने वाले लोगों की पहचान करना जांच टीम के लिए चुनौती बन सकता है.

पुलिस में शिकायत, जांच के लिए भेजी जाएगी टीम

मामले की जानकारी मिलने के बाद समिति प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी है. समिति प्रबंधक कुंदन कुमार के अनुसार, घटना की रिपोर्ट पचपेड़ी थाने में दर्ज कराई गई है. वहीं, सहकारिता विभाग के सीईओ गोधली वर्मा ने मामले की जांच के लिए टीम भेजने की बात कही है.

फिलहाल आगजनी के पीछे किसका हाथ है और बारदानों में आग किस वजह से लगाई गई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा. घटना ने धान खरीदी केंद्रों में रखी सरकारी सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *