छत्तीसगढ़ में 100 से अधिक नेताओं की सुरक्षा में कटौती, बस्तर के 47 VIP की सुरक्षा पूरी तरह हटी

HighLights
- बस्तर में 47 नेताओं की सुरक्षा पूरी तरह खत्म
- मुख्यमंत्री की पत्नी और कांग्रेस अध्यक्ष समेत कई बड़े नाम शामिल
- गृह विभाग की ‘प्रोटेक्शन रिव्यू कमेटी’ ने अहम निर्णय लिया
राज्य ब्यूरो, रायपुर। राज्य में सशस्त्र माओवाद के खात्मे के बाद राज्य सरकार ने वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करते हुए 100 से अधिक नेताओं और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा में कटौती कर दी है। गृह विभाग की प्रोटेक्शन रिव्यू कमेटी के निर्णय के बाद आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश में बस्तर संभाग के 47 वीआईपी नेताओं की सुरक्षा पूरी तरह समाप्त कर दी गई है, जबकि 50 से अधिक नेताओं की सुरक्षा श्रेणी घटाई गई है। इस फैसले का असर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय, मंत्रियों, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्रियों और विधायकों पर भी पड़ा है।
खतरे के आकलन के आधार पर सुरक्षा देने का निर्णय लिया गया
गृह विभाग की समीक्षा में नेताओं और जनप्रतिनिधियों को मौजूदा खतरे के आकलन के आधार पर सुरक्षा देने का निर्णय लिया गया है। अब तक माओवादी खतरे के कारण जिन नेताओं को उच्च श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही थी, उनकी सुरक्षा में बदलाव किया गया है।
जेड प्लस से जेड श्रेणी में आए नेता
जारी सूची के अनुसार, मंत्री केदार कश्यप, पूर्व मंत्री कवासी लखमा, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और पूर्व विधायक देवती कर्मा सहित नौ लोगों की सुरक्षा जेड प्लस से घटाकर जेड श्रेणी की गई है। वहीं पूर्व मंत्री व विधायक कवासी लखमा, सरगुजा के सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक आशाराम नेताम, नीलकंठ टेकाम, विनायक गोयल और उमेश पटेल समेत कई नेताओं की सुरक्षा वाई प्लस से वाई श्रेणी में की गई है।
सीएम की पत्नी कौशल्या साय की भी सुरक्षा घटी
मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय की सुरक्षा भी घटाकर वाई श्रेणी की गई है। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम, विधायक और पूर्व जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा श्रेणी में भी बदलाव किया गया है। कई नेताओं को एक्स श्रेणी के तहत दो पीएसओ उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
44 लोगों की सुरक्षा पूरी तरह समाप्त
सूची के अनुसार 44 लोगों की सुरक्षा पूरी तरह समाप्त की गई है। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा, दलेश्वर साहू और पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह सहित 11 लोगों की सुरक्षा वाई से एक्स श्रेणी में की गई है। पूर्व राज्यसभा सदस्य केटीएस तुलसी और अन्य दो लोगों की सुरक्षा भी समाप्त की गई है।
यह भी पढ़ें- धान की धनिया बो दी! सर्वेयर ने ऐसी गलती की, किसान बेचारा उपार्जन केंद्र पर घूमता रह गया
Leave a Reply