बिलासपुर के बेलतरा विधानसभा की बदलेगी तस्वीर… 20 ग्राम पंचायतों में 1.56 करोड़ से होंगे नए विकास कार्य
20 ग्राम पंचायतों में 1.56 करोड़ से होंगे नए विकास कार्य, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण अंचलों का विकास तेजी से हो रहा है। इसी कड़ी में बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के लिए एक और बड़ी सौगात सामने आई है। स्थानीय विधायक सुशांत शुक्ला के विशेष प्रयासों से क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कुल 20 विकास कार्यों को हरी झंडी मिल गई है। इन विकास कार्यों के लिए राज्य सरकार ने 155.60 लाख यानी लगभग 1.56 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है, जिससे गांवों की तस्वीर बदलने की उम्मीद बंध गई है।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के माध्यम से स्वीकृत इन कार्यों में मुख्य रूप से सीसी रोड, नाली निर्माण, मुक्तिधाम, अहाता और सार्वजनिक मंच निर्माण जैसे जनोपयोगी कार्य शामिल हैं। इन अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों के धरातल पर उतरने से ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम होगा और स्वच्छता व मूलभूत नागरिक सुविधाओं को नया आयाम मिलेगा।
उरतुम, परसाही और नगोई समेत कई गांवों में होंगे काम
- ग्राम पंचायत उरतुम: शंकरपारा में नाली निर्माण के लिए 10 लाख स्वीकृत।
- ग्राम पंचायत परसाही: डबरीपारा में सीसी रोड और नाली निर्माण के लिए 17.80 लाख।
- ग्राम पंचायत नगोई: तिलई घाट और गतिया तालाब के पास दो नए मुक्तिधाम निर्माण के लिए 10 लाख।
- ग्राम पंचायत फरहदा: नगरपारा में सीसी रोड और प्राथमिक शाला में मंच निर्माण के लिए 11.20 लाख।
- ग्राम पंचायत लगरा: पहुंच मार्ग और गांवों में सीसी रोड के लिए 13 लाख।
- अन्य पंचायतें: इसके अलावा खैरा-(ल), लोफंदी, जलसो, गतौरी, सेंदरी, मटियारी, रमतला और कछार ग्राम पंचायतों में भी सीसी रोड, अहाता, और मंच निर्माण के लिए 5 लाख से लेकर 20.40 लाख तक की राशि मंजूर की गई है।
‘साय सरकार में बेलतरा में हो रहा तेज विकास’: विधायक सुशांत शुक्ला का बयान
क्षेत्र के विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का हर क्षेत्र प्रगति के पथ पर अग्रसर है। विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि साय सरकार में बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से स्वीकृत हो रहे हैं। गांव-गांव तक सड़क, नाली, मुक्तिधाम और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ग्रामीणों की मांग और स्थानीय जरूरतों के आधार पर क्षेत्र के हर कोने को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। 1.56 करोड़ के इन 20 विकास कार्यों की स्वीकृति से ग्रामीण अधोसंरचना को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।
सुदृढ़ होगी ग्रामीण अधोसंरचना: आवागमन और नागरिक सुविधाओं में सुधार
इन तमाम विकास कार्यों के पूरा होने से बेलतरा विधानसभा के ग्रामीण अंचलों में आवागमन की परेशानियां दूर होंगी। सीसी रोड के बनने से जहां कीचड़ और गड्ढों से राहत मिलेगी, वहीं नाली निर्माण से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
इसके अलावा मुक्तिधाम और सामुदायिक भवनों के विकास से स्थानीय नागरिकों को सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में बड़ी सहूलियत मिलेगी। विधायक के इन प्रयासों से बेलतरा के ग्रामीण विकास को एक नई गति और दिशा मिली है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट को मिले तीन नए जज, राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्र ने जारी की नियुक्ति अधिसूचना
Leave a Reply