चेकों में काट-छांट कर 3.38 लाख का अतिरिक्त आहरण, शिकायतकर्ता सहअध्यक्ष समेत 3 गिरफ्तार
बिल्हा पुलिस की गिरफ्त में आरोपितHighLights
- बिल्हा की गुमा समिति में 3.38 लाख अतिरिक्त आहरण पर गिरफ्तारी।
- लेखापाल, कैशियर व शिकायतकर्ता सहअध्यक्ष को न्यायिक रिमांड पर भेजा।
- चेक में काट-छांट कर रकम बढ़ाने का मामला आया सामने।
, बिलासपुर। बिल्हा की सेवा सहकारी समिति गुमा में चेक और दस्तावेजों में कूटरचना कर 3.38 लाख रुपये का अतिरिक्त आहरण करने के मामले में पुलिस ने बैंक के दो कर्मचारियों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में बैंक के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय, कैशियर संजय सिंह बघेल और समिति के प्राधिकृत अधिकारी एवं सहअध्यक्ष राजकुमार बरगाह शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा में तीन चेकों के माध्यम से 51 हजार 900, एक लाख 82 हजार और 80 हजार 150 रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। हस्ताक्षर के बाद चेकों में काट-छांट कर रकम बढ़ाकर 3.38 लाख रुपये का अतिरिक्त आहरण किया गया।
मामले में समिति के प्राधिकृत अधिकारी राजकुमार बरगाह ने 26 सितंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि बैंक के लेखापाल ने कूटरचित चेक पास किए और कैशियर ने उन्हें निरस्त करने के बजाय रकम का भुगतान कर दिया। पुलिस ने तीनों की संलिप्तता पाए जाने पर 21 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता की भूमिका भी जांच के घेरे में
पुलिस की जांच में शिकायतकर्ता राजकुमार बरगाह की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। जांच के अनुसार, समिति के कार्यवाही प्रस्ताव और चेकों में की गई काट-छांट की जांच करना उनकी जिम्मेदारी थी, लेकिन उन्होंने प्रस्ताव पंजी में हुए बदलाव पर कोई कार्रवाई नहीं की। तत्कालीन समिति प्रबंधक शरद कश्यप की मृत्यु के करीब 15 दिन बाद उन्होंने बैंक कर्मचारियों पर जिम्मेदारी डालते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
दो अधिकारियों को मिली अग्रिम जमानत
मामले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिल्हा के सुपरवाइजर हितेश सलूजा और शाखा प्रबंधक लक्ष्मण कौशिक को भी आरोपित बनाया गया है। दोनों को हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने के बाद 21 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया था। मामले में निरीक्षक अजय साहू, उप निरीक्षक जीएल चंद्राकर और प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार की विशेष भूमिका रही।
Leave a Reply