छत्तीसगढ़ में अब गांव में ही मिलेगी बैंकिंग की हर सुविधा, सभी 33 जिलों में 600 से अधिक खुलेंगे केंद्र
बस्तर और सरगुजा के दूरस्थ गांवों तक पहुंचेगा बैंक। HighLights
- बस्तर और सरगुजा के दूरस्थ गांवों तक पहुंचेगा बैंक
- सभी 33 जिलों में खुलेंगे 600 से अधिक BC केंद्र
- आधार आधारित भुगतान प्रणाली से जुड़ेंगे ग्रामीण
राज्य ब्यूरो, , रायपुर। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक ने प्रदेश के सभी 33 जिलों में ग्रामीण बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने के लिए बीएलएस ई-सर्विसेज लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी ‘जीरो मास प्राइवेट लिमिटेड’ को अपना बैंकिंग प्रतिनिधि (बीसी) नियुक्त किया है।
इस साझेदारी के तहत अगले दो से तीन वर्षों में 600 से अधिक बैंकिंग केंद्रों का नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इससे बस्तर, सरगुजा सहित दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के लोगों को बैंकिंग सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
बीसी केंद्रों पर मिलेंगी आधार आधारित भुगतान और वित्तीय सेवाएं
बीसी केंद्रों पर ग्राहक नकद जमा और निकासी, बैलेंस जांच, पासबुक अपडेट और पैसे ट्रांसफर करने जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। इसके अलावा नए बैंक खाते खोलने, आधार आधारित भुगतान प्रणाली और सरकारी वित्तीय योजनाओं से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।
ग्रामीणों का समय और यात्रा खर्च बचेगा: आशीष मिश्रा
बीएलएस ई-सर्विसेज के डिप्टी सीईओ आशीष मिश्रा ने बताया कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों में बैंकिंग प्रतिनिधि ग्रामीण आबादी तक वित्तीय सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- बिजली कंपनी के ग्लोबल टेंडर के विरोध में वाहन मालिक संघ, ऐन दीवाली से पहले अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
इस पहल से ग्रामीणों का समय और यात्रा खर्च बचेगा। साथ ही बैंक शाखाओं पर भीड़ का दबाव कम होगा। अधिक से अधिक लोग औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ सकेंगे। कंपनी का उद्देश्य लोगों को उनके गांवों और स्थानीय क्षेत्रों में ही भरोसेमंद बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
Leave a Reply