छत्तीसगढ़ में भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी… 1 वर्ष में होंगी 25 परीक्षाएं, 10 जनवरी से शुरू होगा भर्तियों का दौर

कर्मचारी चयन मंडल ने जारी किया 2027 का कैलेंडर।
HighLights
- कर्मचारी चयन मंडल ने जारी किया 2027 का कैलेंडर
- समान योग्यता वाले पदों के लिए होंगी संयुक्त परीक्षाएं
- कर्मचारी चयन मंडल ने घोषित कीं 25 संभावित परीक्षाएं
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। कर्मचारी चयन मंडल (एसएसबी) ने 2027 में होने वाली भर्ती, प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया। एक वर्ष में भर्ती, पात्रता और प्रवेश समेत 25 परीक्षाएं होगी। भर्ती परीक्षाओं का सिलसिला 10 जनवरी से शुरू होकर 19 दिसंबर तक चलेगा। इसमें राजस्व निरीक्षक, सहायक ग्रेड-3 (क्लर्क), लैब टेक्नीशियन सहित विभिन्न तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए परीक्षाओं की संभावित तिथियां निर्धारित की गई हैं।
कैलेंडर में तीन तिथियां आरक्षित भी रखी गई
मंडल ने समान शैक्षणिक योग्यता वाले पदों को एक ग्रुप में रखकर संयुक्त परीक्षा कराने की व्यवस्था की है। कैलेंडर में तीन तिथियां आरक्षित भी रखी गई हैं। इसके अलावा दो मई से 13 जून तक इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक, बीएड, डीएलएड, नर्सिंग और कृषि सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। पात्रता परीक्षाओं में 26 सितंबर को टीईटी और तीन अक्टूबर को सेट आयोजित किया जाएगा। इसी वर्ष गठित कर्मचारी चयन मंडल अब सरकारी विभागों में ग्रेड-3 और ग्रेड-4 पदों की भर्ती परीक्षाएं आयोजित करेगा। इससे पहले ये परीक्षाएं व्यापमं के माध्यम से होती थीं।
एक परीक्षा से कई विभागों में अवसर
समान शैक्षणिक योग्यता वाले पदों के लिए अब अलग-अलग परीक्षाओं के बजाय संयुक्त परीक्षा कराने पर जोर दिया गया है। इससे अभ्यर्थियों को एक ही परीक्षा के माध्यम से विभिन्न विभागों में उपलब्ध समान पदों के लिए अवसर मिलेगा। पहले पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन सहित अलग-अलग विभागों में सब इंजीनियर जैसे पदों के लिए अलग परीक्षाएं होती थीं। इससे अभ्यर्थियों को बार-बार आवेदन करने के साथ परीक्षा शुल्क भी देना पड़ता था। नई व्यवस्था से आवेदन और परीक्षा शुल्क का खर्च कम होगा। साथ ही अभ्यर्थियों को अलग-अलग परीक्षाओं की तैयारी के दबाव से भी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- तबादला आदेश की अवहेलना पड़ी भारी, डीआरएम के निर्देश पर 15 रेलकर्मियों की सैलरी रोकी गई
सरकार के संसाधन और समय की होगी बचत
संयुक्त परीक्षा व्यवस्था से सरकार को भी समान पदों के लिए बार-बार भर्ती परीक्षा आयोजित करने की जरूरत नहीं होगी। एक ही परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र तैयार करने, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था करने और परिणाम जारी करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इससे समय और प्रशासनिक संसाधनों की बचत होगी। कर्मचारी चयन मंडल ने समान योग्यता वाले पदों को अलग-अलग ग्रुप में वर्गीकृत कर कैलेंडर तैयार किया है। 2027 में भर्ती परीक्षाओं के साथ प्रवेश और पात्रता परीक्षाएं भी इसी कैलेंडर के अनुसार आयोजित की जाएंगी।