कोरबा PG कॉलेज के 250 बेड के छात्रावास पर दूसरों का कब्जा, किराए के कमरों में रहने को मजबूर छात्र
पीजी कालेज कन्या छात्रावास में रह रही मेडिकल कालेज की छात्राएं, HighLights
- 250 बेड फिर भी मजबूरी।
- एक में मेडिकल छात्राएं।
- दूसरे में NCC कार्यालय।
, कोरबा: शासकीय इंजीनियर विश्वेश्वरैया स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कालेज) में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शासन ने 250 बेड क्षमता वाले तीन छात्रावास भवनों का निर्माण कराया है। तीनों भवनों का निर्माण पूरा होने के साथ ही उनमें आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इसके बावजूद विडंबना यह है कि कालेज के विद्यार्थियों को इन छात्रावासों का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
एक छात्रावास में मेडिकल कालेज की एमबीबीएस छात्राएं रह रही हैं, जबकि दूसरे भवन में एनसीसी बटालियन का कार्यालय संचालित हो रहा है। नतीजतन पीजी कालेज के विद्यार्थियों को किराए के मकानों में रहकर पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। पीजी कालेज में स्नातक और स्नातकोत्तर के विभिन्न संकायों में करीब तीन हजार विद्यार्थी नियमित रूप से अध्ययनरत हैं। इनमें लगभग 40 प्रतिशत विद्यार्थी ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों से आते हैं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए कालेज परिसर में छात्रावास की सुविधा काफी महत्वपूर्ण है।
खासकर छात्राओं को सुरक्षित आवास उपलब्ध होने से न केवल उनकी पढ़ाई सुचारु रूप से जारी रह सकती है, बल्कि रोजाना लंबी दूरी तय करने की परेशानी से भी राहत मिल सकती है। शासन ने इसी उद्देश्य से अलग-अलग समय पर 100, 50 और 100 बेड क्षमता वाले तीन छात्रावास भवनों को मंजूरी दी थी। लेकिन वर्तमान में कालेज प्रबंधन के पास केवल 100 बेड का एक छात्रावास ही उपलब्ध है। यह छात्रावास पिछले वर्ष शुरू हुआ था और वर्तमान में पूरी तरह भर चुका है।
यह भी पढ़ें- खुदा का मसीहा बताकर सरगुजांचल में लाखों की ठगी, उत्तरप्रदेश का युवक हिरासत में, पीर बनकर लूटा
पीजी कालेज परिसर में निर्मित 50 बेड क्षमता वाले छात्रावास भवन को जिला प्रशासन ने मेडिकल कालेज प्रबंधन को एक साल के लिए उपलब्ध कराया था। मेडिकल कालेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही छात्राओं के रहने की व्यवस्था नहीं होने के कारण यह निर्णय लिया गया था। हालांकि, निर्धारित एक साल की अवधि पूरी हो चुकी है। इसके बाद भी छात्रावास भवन मेडिकल कालेज प्रबंधन के पास ही है और उसमें मेडिकल की छात्राएं रह रही हैं। इस वजह से पीजी कालेज की छात्राओं को आवासीय सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
कालेज में डिग्री और डिप्लोमा के विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत कई छात्राएं आसपास के क्षेत्रों में किराए का मकान लेकर रह रही हैं। इससे उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वहीं, ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को रोजाना आवागमन में भी परेशानी उठानी पड़ रही है। बसों से लंबी दूरी तय करने के साथ ही उन्हें परिवहन पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है। ऐसे में छात्रावास उपलब्ध होने के बावजूद उसका उपयोग दूसरे संस्थान द्वारा किए जाने से पीजी कालेज के विद्यार्थियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
इस शिक्षा सत्र में भी भवन खाली होने की उम्मीद कम
मेडिकल कालेज प्रबंधन के सामने भी छात्रावास की समस्या बनी हुई है। वहां एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं की संख्या के अनुपात में आवासीय व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। स्थिति यह है कि एक छात्रावास में निर्धारित क्षमता से लगभग दोगुने विद्यार्थियों को ठहराया गया है।
मेडिकल कालेज का अपना छात्रावास भवन भी निर्माणाधीन है। इसके निर्माण में अभी छह से आठ माह का समय और लगने का अनुमान है। ऐसे में मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए इस शिक्षा सत्र में पीजी कालेज के 50 बेड वाले छात्रावास भवन का खाली होना मुश्किल नजर आ रहा है। इसका सीधा असर पीजी कॉलेज की छात्राओं को मिलने वाली आवासीय सुविधा पर पड़ रहा है।
दो दशक पहले बना बालक छात्रावास, अब एनसीसी का कार्यालय
पीजी कालेज के विद्यार्थियों के लिए 100 बेड क्षमता वाले बालक छात्रावास भवन का निर्माण करीब दो दशक पहले कराया गया था। इसका उद्देश्य ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को कॉलेज के नजदीक आवास उपलब्ध कराना था, ताकि उन्हें रोजाना लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़े और पढ़ाई प्रभावित न हो। लेकिन निर्माण के बाद से ही यह भवन अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के उपयोग में आता रहा।
शुरुआत में इस भवन में कलेक्टर कार्यालय संचालित किया गया। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय का नया भवन बनने पर यहां जिला परिवहन कार्यालय शुरू कर दिया गया। परिवहन विभाग का कार्यालय स्थानांतरित होने के बाद कुछ वर्षों तक भवन अनुपयोगी रहा। इसी दौरान कोरबा में सीजी-वन एनसीसी की नई बटालियन गठित हुई और इस भवन में उसका कार्यालय संचालित होने लगा। इस तरह दो दशक से अधिक समय बीतने के बाद भी पीजी कालेज के छात्रों को बालक छात्रावास की सुविधा नहीं मिल सकी है।
वर्जन
मेडिकल कालेज प्रबंधन ने 50 बेड क्षमता वाले छात्रावास भवन को एक साल के लिए मांगा था। लेकिन दूसरा शिक्षा सत्र शुरू होने के बाद भी वहां मेडिकल की छात्राएं रह रही हैं। पीजी कालेज का उपलब्ध छात्रावास पहले से ही पूरी तरह भर चुका है। छात्रावास की समस्या से जिला प्रशासन को अवगत कराया गया है।
एलएन कंवर, प्रभारी प्राचार्य, पीजी कालेज
Leave a Reply