महादेव सट्टा केस में ED का बड़ा एक्शन, रायपुर-बिलासपुर-दुर्ग में छापे, दिल्ली में मिले 60 करोड़ के हवाला लेजर
हर्ष गुजराल और फुकरा इंसान के गानों वाली कंपनी भी जांच के घेरे में (फाइल फोटो)HighLights
- होटल-क्लब में सट्टे की कमाई खपाने का शक
- हिमांशु म्यूजिक कंपनी OCM रिकॉर्ड का को-फाउंडर
- दिल्ली छापे में 60 करोड़ के हवाला लेजर मिले
, रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह छत्तीसगढ़ के तीन बड़े शहरों में एक साथ कार्रवाई की। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में ED की अलग-अलग टीमों ने होटल, क्लब और मनोरंजन कारोबार से जुड़े ठिकानों पर छापा मारा।
रायपुर में वीआईपी रोड पर स्थित सात होटल और क्लब जांच के दायरे में रहे। टीमों ने करीब दो घंटे तक वहां दस्तावेज, निवेश और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की।
200 करोड़ के निवेश पर ED की नजर
जांच एजेंसी को जानकारी मिली है कि महादेव सट्टे के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर का रायपुर में करीब 200 करोड़ रुपये का निवेश है। ED को शक है कि सट्टे से कमाई गई रकम को होटल, क्लब, रेस्टोरेंट और मनोरंजन कारोबार में लगाकर उसे वैध कारोबार की तरह दिखाने की कोशिश की गई है।
इसी को लेकर एजेंसी निवेश से जुड़े लोगों, कारोबारी साझेदारों और पैसे के लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही है। ED यह पता लगाने में जुटी है कि निवेश की रकम कहां से आई और किन लोगों के जरिए कारोबार में लगाई गई।
होटल-क्लब में निवेश की परतें खोल रही ED
अब तक की जांच में हवाला नेटवर्क, विदेशों में संपत्तियों और कारोबार में निवेश की बात सामने आ चुकी है। एजेंसी को संदेह है कि सट्टे की रकम का इस्तेमाल बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हिस्सेदारी खरीदने में किया गया। होटल और क्लब में निवेश की बात सामने आने के बाद ED अब इनके वित्तीय रिकॉर्ड का मिलान कर रही है। छापेमारी के दौरान दस्तावेज और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड जब्त कर टीम वापस लौटी।
म्यूजिक कंपनी में भी पार्टनर है वकील हिमांशु
इस मामले में गिरफ्तार दिल्ली के दलाल अधिवक्ता हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक का करोड़ों की म्यूजिक कंपनी से भी जुड़ाव सामने आया है। वह OCM रिकॉर्ड नामक म्यूजिक कंपनी का को-फाउंडर बताया जा रहा है। जांच में दिल्ली के लाजपत नगर स्थित यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड में भी हिमांशु की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी का खुलासा हुआ है। उसकी मंगेतर चित्रांशी ध्यानी एक्ट्रेस और सिंगर हैं। ED अब इन कंपनियों में निवेश, कारोबार और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है।
दिल्ली में मिले 60 करोड़ के हवाला लेजर
दिल्ली में हुई छापेमारी के दौरान करीब 60 करोड़ रुपये के हवाला लेजर और संदिग्ध हस्तलिखित नोट मिलने की जानकारी सामने आई है। इन दस्तावेजों में कथित तौर पर करोड़ों रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज है। एजेंसी इनका मिलान हवाला नेटवर्क और महादेव सिंडिकेट से जुड़े वित्तीय लेन-देन से कर रही है।
हर्ष गुजराल, खुल्लर-जी और फुकरा इंसान के साथ गाने
OCM रिकॉर्ड के गानों में चित्रांशी ध्यानी कई चर्चित चेहरों के साथ काम कर चुकी हैं। ‘चीटर’ गाने में उनके साथ हास्य कलाकार हर्ष गुजराल और खुल्लर-जी नजर आए, जबकि ‘बिग लाइफ रिटर्न्स’ में फुकरा इंसान यानी अभिषेक मल्हान दिखे। ‘अल्फाज’, ‘टिम टिम’, ‘रास्ता तुम्हारा’ गानों में भी चित्रांशी ने काम किया है।
Leave a Reply