रायपुर में ₹45 करोड़ में दलाली खा गए ‘पैडमैन’, स्कूलों में नहीं मिल रहे सेनेटरी पैड
आठ साल बाद भी नहीं मिली सुविधा, शिक्षकों के भरोसे चल रही व्यवस्था HighLights
- करीब 45 प्रतिशत मशीनें उपयोग के लायक नहीं
- जोरा, फुंडहर, शहीद स्मारक स्कूल में पैड नहीं
- आरडी तिवारी स्कूल में नई मशीन बिना लगाए छोड़ी
वाकेश कुमार, रायपुर। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली बेटियों को मासिक धर्म के दौरान सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने के लिए सुचिता योजना शुरू की गई थी। इसके लिए पांच वर्षों में 45.50 करोड़ रुपये का बजट रखा गया, फिर भी छात्राओं को स्कूलों में पैड नहीं मिल पा रहे हैं।
की ग्राउंड रिपोर्ट में राजधानी के कई स्कूलों में यही हकीकत सामने आई है। कहीं वेंडिंग मशीनें खराब पड़ी हैं तो कहीं डिस्पेंसर खाली हैं। छात्राओं को मदद के लिए शिक्षकों या स्कूल प्रबंधन के पास जाना पड़ रहा है।
काव्या को जरूरत पड़ी तो स्कूल में पैड नहीं मिला
काव्या (परिवर्तित नाम) को जब सेनेटरी पैड की जरूरत पड़ी तो स्कूल में पैड नहीं मिला। काव्या की तरह कई छात्राओं को इसी समस्या से जूझना पड़ रहा है। योजना का मकसद था कि मासिक धर्म के दौरान बेटियों को स्कूल में ही सुविधा और सम्मान के साथ पढ़ाई जारी रखने का मौका मिले, लेकिन मशीनें लगाकर उनकी सुध न लेने से यह उद्देश्य अधूरा रह गया है।
2943 मशीनों में 1330 खराब, 45 प्रतिशत बेकार
शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2021-22 से 2023-24 के बीच स्कूलों को 2,943 सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें दी गईं। इनमें से 1,613 मशीनें चालू हैं, जबकि 1,330 खराब पड़ी हैं। यानी करीब 45 प्रतिशत मशीनें उपयोग के लायक नहीं हैं।
पांच साल में 45.50 करोड़ का प्रविधान, फिर भी निगरानी नहीं
योजना के लिए वर्ष 2019-20 में छह करोड़, 2020-21 में 10 करोड़, 2021-22 में 6.50 करोड़, 2022-23 में 11 करोड़ और 2023-24 में 12 करोड़ रुपये का बजट रखा गया। इस तरह पांच वर्षों में 45.50 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया। इसके बावजूद मशीनों के संचालन और पैड की उपलब्धता की निगरानी नहीं हो पा रही है।
आठ वर्षों बाद भी छात्राओं को नहीं मिल रही सुविधा
सुचिता योजना के तहत स्कूलों में वेंडिंग मशीनें और डिस्पेंसर लगाए गए थे, लेकिन आठ वर्षों बाद भी छात्राओं को सुविधा नहीं मिल रही है। मशीनें लगीं, लेकिन नियमित निगरानी नहीं हुई। राजधानी के कई सरकारी और स्वामी आत्मानंद स्कूलों में मशीनें खराब होने की स्थिति सामने आई है। कुछ स्कूलों में प्रबंधन अपने स्तर पर छात्राओं को सेनेटरी पैड उपलब्ध करा रहा है। वहीं कई जगह डिस्पेंसर तो हैं, लेकिन उनमें नियमित पैड नहीं भरे जा रहे हैं। दुर्ग-भिलाई और धमतरी सहित अन्य जिलों से भी मशीनें खराब होने की शिकायतें आती रही हैं।
राजधानी के इन स्कूलों में यह है स्थिति
जोरा स्कूल में दो मशीनें, एक खराब: जोरा स्कूल में लगी दो सेनेटरी पैड मशीनों में एक खराब है, जबकि दूसरी में पैड नहीं हैं। शिक्षिकाएं छात्राओं को अन्य स्रोतों से पैड उपलब्ध कराती हैं।
फुंडहर स्कूल में मशीन बंद: फुंडहर स्कूल में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन खराब है। स्कूल प्रबंधन छात्राओं को वैकल्पिक व्यवस्था से पैड उपलब्ध कराता है।
शहीद स्मारक स्कूल में नहीं मिले पैड: शहीद स्मारक स्कूल में शौचालय मरम्मत के चलते मशीनें हटा दी गई हैं। शिक्षकों के अनुसार दो वर्ष से पैड की आपूर्ति नहीं हुई। अब स्कूल प्रबंधन अपने बजट से छात्राओं को पैड उपलब्ध करा रहा है।
आरडी तिवारी स्कूल में नई मशीन भी नहीं लगी: आरडी तिवारी स्कूल में पुरानी मशीनें खराब हैं। नई मशीन भेजी गईं, लेकिन एजेंसी के कर्मचारी उसे लगाए बिना छोड़ गए। अब प्रबंधन को ही इसे स्थापित करने कहा जा रहा है।
मशीनों की स्थिति पर अधिकारियों के जवाब भी स्पष्ट नहीं
मशीनों की स्थिति और उनके रखरखाव की जिम्मेदारी को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों से जानकारी मांगे जाने पर स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका। जब मशीनें खराब हो रही हैं तो उन्हें ठीक कराने की जिम्मेदारी किसकी है? स्कूलों में पैड उपलब्ध कराने की निगरानी की क्या व्यवस्था है? इन सवालों का जवाब अभी तक नहीं मिला है।
बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने सभी सरकारी-निजी स्कूलों और बालिका छात्रावासों में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें लगाने की अनुशंसा की है। बताया कि निरीक्षण में सामने आया कि माहवारी में छात्राओं को स्कूलों में पैड उपलब्ध नहीं हो पाते, जिससे उन्हें परेशानी होती है।
– डॉ वर्णिका शर्मा, अध्यक्ष,बाल अधिकार संरक्षण आयोग
Leave a Reply