IND vs SL: स्वतंत्रता दिवस पर टीम इंडिया के लिए नाम बड़ी उपलब्धि, 600 टेस्ट खेलने वाला तीसरा देश बना भारत, जानें कौन है टॉप पर?
By Digital DeskEdited By: Mohan Kumar
Publish Date: Sat, 15 Aug 2026 01:19:57 PM (IST)Updated Date: Sat, 15 Aug 2026 01:46:25 PM (IST)

600 टेस्ट खेलने वाला तीसरा देश बना भारत (Photo- X)
HighLights
- भारत ने टेस्ट क्रिकेट में रचा इतिहास
- 600 मुकाबले खेलकर बना तीसरा देश
- पहले नंबर पर आता है इंग्लैंड का नाम
खेल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट इतिहास के लिए आज का दिन बेहद खास है। टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में 600वां टेस्ट मैच खेलकर एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है। ऐसा करने वाला भारत पूरी दुनिया में तीसरा देश बन गया है। भारत से ज्यादा मैच ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ने खेले हैं।
क्रिकेट के सबसे पुराने फॉर्मेट में ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है। इस टीम ने अब तक 1097 मुकाबले खेले हैं। यानी भारत से इसके टेस्ट मैचों की संख्या काफी ज्यादा है। इस लिस्ट में दूसरा नाम दशकों तक क्रिकेट पर राज करने वाली ऑस्ट्रेलिया का आता है। कंगारू टीम ने अब तक 883 टेस्ट मैच खेले हैं।
भारत ने 1932 में खेला था पहला टेस्ट
इस टीम ने 1877 में टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत की थी और तब से वह इस फॉर्मेट की सबसे मजबूत टीमों में शामिल रही है। आज भारत ने 600 टेस्ट मुकाबलों का आंकड़ा अपने नाम कर लिया। भारत ने अब तक 599 टेस्ट मैच खेले थे और आज बड़ी उपलब्धि भारत के नाम दर्ज हो गई। टीम इंडिया ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 1932 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था।
करीब नौ दशक के सफर में भारतीय क्रिकेट ने टेस्ट फॉर्मेट में कई बड़े मुकाम हासिल किए। शुरुआती दौर में भारतीय टीम को टेस्ट क्रिकेट में मजबूत होने में काफी समय लगा, लेकिन धीरे-धीरे टीम ने अपनी काबिलियत का लोहा पूरी दुनिया में मनवाया। भारतीय टेस्ट क्रिकेट को महान सुनील गावस्कर, कपिल देव, दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों ने नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। आज 600 के आंकड़े के साथ इतिहास में एक मील का पत्थर दर्ज हो गया।
यह भी पढ़ें- श्रीलंका टेस्ट से पहले इंडिया को बड़ा झटका… भारतीय क्रिकेट टीम में ‘इंजरी इमरजेंसी’, एक के बाद एक चोटिल सितारे; BCCI ने बुलाई बैठक
सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाली टीमें
इंग्लैंड – 1097 टेस्ट मैच
ऑस्ट्रेलिया – 883 टेस्ट मैच
भारत – 600 टेस्ट (आज श्रीलंका के खिलाफ जारी)
वेस्टइंडीज- 596 टेस्ट मैच
न्यूजीलैंड- 487 टेस्ट मैच
दक्षिण अफ्रीका- 479 टेस्ट मैच
पाकिस्तान- 471 टेस्ट मैच