📅 Sunday, 29 November 2026 | विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार
ब्रेकिंग न्यूज़

रायपुर में 20 कबाड़ ठिकानों पर पुलिस की रेड, 10 संचालकों के पास नहीं मिले दस्तावेज; 8 टन स्क्रैप जब्त

शेयर करें: 💬 WhatsApp f 𝕏 ✈️
रायपुर में 20 कबाड़ ठिकानों पर पुलिस की रेड, 10 संचालकों के पास नहीं मिले दस्तावेज; 8 टन स्क्रैप जब्त

image

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्तर जोन कमिश्नरेट पुलिस की टीम ने उरला और खमतराई थाना क्षेत्रों में एक साथ 20 कबाड़ ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान 10 संचालकों के पास कबाड़ के स्टॉक से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने इन ठिकानों से करीब 8,000 किलो यानी 8 टन संदिग्ध स्क्रैप जब्त किया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाया गया अभियान

अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया। उत्तर जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी पूर्णिमा लामा की टीमों ने कबाड़ दुकानों एवं गोदामों की जांच की। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कारोबार से जुड़े दस्तावेजों और स्टॉक की पड़ताल की।

उरला के 6 और खमतराई के 4 संचालकों पर कार्रवाई

पुलिस ने उरला थाना क्षेत्र में 8 और खमतराई क्षेत्र में 12 कबाड़ ठिकानों की जांच की। इस दौरान उरला के 6 और खमतराई के 4 कबाड़ संचालकों के पास स्टॉक से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। इन 10 ठिकानों से बड़ी मात्रा में संदिग्ध स्क्रैप बरामद कर जब्त किया गया।

कबाड़ के स्रोत और खरीद-बिक्री रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

कार्रवाई के बाद पुलिस अब कबाड़ कारोबारियों के लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही है। जब्त किए गए करीब 8 टन कबाड़ की खरीद और उसके स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, जांच में चोरी का सामान खरीदने या अवैध तरीके से माल का कारोबार करने की पुष्टि होने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *