रायपुर में 50 करोड़ की बड़ी योजना, PPP मॉडल से बदलेगी नंदनवन की तस्वीर; बनेगा नया बॉटनिकल गार्डन

रायपुर के नंदनवन का 50 करोड़ से होगा कायाकल्प (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
HighLights
- रायपुर के नंदनवन के कायाकल्प पर 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे
- पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं और नए आकर्षण विकसित होंगे
- मुख्य सचिव ने पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। रायपुर से लगे अटारी गांव स्थित नंदनवन के पुनर्विकास की तैयारी तेज हो गई है। करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से नंदनवन का कायाकल्प किया जाएगा। इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर नए सिरे से विकसित करने की योजना है।
आधुनिक होगा बॉटनिकल गार्डन
प्रस्तावित परियोजना के तहत नंदनवन के बॉटनिकल गार्डन को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं और नए आकर्षण विकसित किए जाएंगे। परियोजना के जरिए नंदनवन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जन-सुविधाओं का विस्तार करने की योजना है।
मुख्य सचिव के समक्ष हुआ प्रस्तुतिकरण
मंत्रालय महानदी भवन में सोमवार को मुख्य सचिव विकासशील के समक्ष वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों ने पुनर्विकास परियोजना का प्रस्तुतिकरण किया। अधिकारियों ने बैठक में प्रस्तावित परियोजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
मुख्य सचिव ने नंदनवन के विकास में पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और जन-सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया। बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद और एनआरडीए के सीईओ चंदन कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।