रायपुर में वोटर लिस्ट में बड़ी चूक, पूर्व महापौर अंबिका यदु का बदला जेंडर, महिला से बना दिया पुरुष; SIR पर उठे सवाल
बीरगांव वोटर लिस्ट में बड़ी चूक, पूर्व महापौर को बताया पुरुषHighLights
- चुनाव आयोग के पोर्टल पर गलत डाटा दर्ज
- SIR सत्यापन प्रक्रिया की कार्यशैली पर सवाल
- कांग्रेस-भाजपा नेताओं के डाटा में भी त्रुटियां
, रायपुर। बीरगांव नगर निगम क्षेत्र की मतदाता सूची में गंभीर विसंगतियां सामने आई हैं। चुनाव आयोग के रिकॉर्ड और मतदाता सूची में बीरगांव की पूर्व महापौर अंबिका यदु के जेंडर कॉलम में महिला की जगह पुरुष दर्ज कर दिया गया है। एक पूर्व जनप्रतिनिधि के डाटा में इस तरह की चूक ने बूथ लेवल अधिकारियों और सत्यापन अमले की कार्यशैली की पोल खोल दी है।
इसके चलते प्रशासनिक कार्यप्रणाली और चुनाव आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध डाटा की सटीकता पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। हाल ही में संपन्न हुई SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया और डिजिटल पोर्टल पर आई इन गड़बड़ियों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
प्रशासनिक कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल
जानकारों का मानना है कि जब एक प्रतिष्ठित और जानी-पहचानी हस्ती के साथ ऐसा प्रशासनिक खिलवाड़ हो सकता है, तो आम नागरिकों की सूचियों में किस स्तर पर गड़बड़ियां हुई होंगी, यह भी जांच का विषय है। कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के कई स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के नामों व तस्वीरों के मिलान में भी त्रुटियां सामने आ रही हैं, जिससे चुनाव आयोग के पोर्टल पर सुरक्षा और शुद्धता को लेकर उलझन बढ़ती जा रही है।
यह भी पढ़ें- अब जशपुर से रायपुर की दूरी होगी कम, भारतमाला प्रोजेक्ट से 14 घंटे का सफर होगा 6 घंटे में पूरा
SIR सत्यापन प्रक्रिया पर उठे सवाल
घर-घर जाकर सत्यापन का दावा करने वाले SIR अभियान के बाद भी इतनी बड़ी चूक बने रहने से कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का सवाल है कि क्या मैदानी अमले ने नियमों के तहत जमीनी स्तर पर नाम और फोटो का वास्तविक सत्यापन नहीं किया? पुनरीक्षण अभियान के बावजूद पोर्टल पर ऐसी भारी त्रुटियां कैसे रह गईं? अब मांग उठ रही है कि पूरी मतदाता सूची का फिर से भौतिक सत्यापन कराया जाए।
Leave a Reply