3200 करोड़ के शराब घोटाले में खुलासा, विकास अग्रवाल ने अनवर के लिए खरीदा 200 किलो सोना
विकास अग्रवाल और अनवर ढेबर की फाइल फोटोHighLights
- विकास अग्रवाल था अनवर ढेबर का राइट हैंड
- प्रति पेटी 50 रुपए मिलता था कमीशन
- हवाला से दुबई भेजी करोड़ों की रकम
राज्य ब्यूरो, , रायपुर। 3,200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में गिरफ्तार आरोपित विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू से ईओडब्ल्यू की पूछताछ में कई जानकारियां सामने आई हैं। सिंडिकेट का ‘मनीमैन’ और मुख्य आरोपित अनवर ढेबर का राइट हैंड माना जाने वाला विकास अग्रवाल घोटाले की काली कमाई से अनवर के लिए सोना-चांदी खरीदता था। उसने अपने परिचित सराफा व्यापारियों और ज्वेलरों के जरिए अब तक 200 किलो से अधिक सोना खरीदा है।
3000 करोड़ से ज्यादा की नकदी का करता था प्रबंधन
जांच एजेंसी के अनुसार, विकास पर 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी के प्रबंधन और हवाला के जरिए रकम विदेश भेजने की जिम्मेदारी थी। 15 जिलों की सरकारी शराब दुकानों में बिकने वाली ‘पार्ट-बी’ (बिना शुल्क की अतिरिक्त शराब) की नकदी उसके सहयोगी रायपुर के गोलछा अपार्टमेंट लाते थे। यहां नोटों की गिनती कर अनवर के बताए ठिकानों तक पहुंचाया जाता था। इसके अलावा रायपुर के शंकरनगर स्थित पाम बेलाजियो सोसायटी में सुब्बू के दो फ्लैट भी नकदी छिपाने के लिए इस्तेमाल किए जाते थे।
प्रति पेटी मिलता था 50 रुपये कमीशन
वर्ष 2019 से 2023 के बीच डिस्टिलरियों में बिना आबकारी शुल्क चुकाए अतिरिक्त शराब तैयार कराई जाती थी। इस पर डुप्लीकेट होलोग्राम लगाकर सरकारी दुकानों से बेचा जाता था, जिसका सरकारी रिकार्ड में कोई हिसाब नहीं होता था। इस अवैध कमाई में विकास अग्रवाल को प्रति पेटी 50 रुपये कमीशन मिलता था। वह पार्ट-ए, पार्ट-सी, एफएल और मैनपावर कमीशन की वसूली व हिसाब-किताब भी संभालता था।
नकली होलोग्राम से लेकर परिवहन तक पर थी नजर
अनवर ढेबर के निर्देश पर विकास पार्ट-बी शराब के उत्पादन की पूरी व्यवस्था देखता था। वह अपने लोगों की तैनाती, खाली बोतलों की आपूर्ति और सप्लायर तय करता था। दिल्ली से नकली होलोग्राम रायपुर मंगवाकर डिस्टिलरियों तक पहुंचाने में उसने आरोपित अमित सिंह के साथ मिलकर काम किया। डिस्टिलरी से शराब की गाड़ियां निकलने से लेकर दुकानों तक पहुंचने के बीच वह आबकारी अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों के लगातार संपर्क में रहता था।
हवाला से दुबई पहुंचाई करोड़ों की रकम
ईओडब्ल्यू को विकास और अनवर ढेबर के बीच हुई वाट्सएप चैट मिली है। इसमें डिस्टिलरी, जिलों, गाड़ियों, बिक्री और बकाया रकम का पूरा ब्योरा दर्ज है। जांच में सामने आया है कि हवाला कारोबारी सुमित मालू और रवि बजाज के जरिए देश के विभिन्न शहरों में रकम भेजी जाती थी। दुबई में हवाला की रकम विकास खुद प्राप्त करता था। वह फरारी में चालान किए गए हवाला कारोबारी खंजन ठक्कर के संपर्क में भी था, जो फिलहाल यूएई की जेल में बंद है।
रेड कार्नर नोटिस के बाद अबूधाबी से हुई गिरफ्तारी
कार्रवाई के डर से सुब्बू अक्टूबर 2022 में परिवार के साथ दुबई भाग गया था। वहां वह यूएई की ‘बोस्टन’ नामक कंपनी में मैनेजर के पद पर काम कर रहा था। ईओडब्ल्यू की पहल पर इंटरपोल ने अगस्त 2026 में उसके खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी किया। इसके बाद एनसीबी, अबूधाबी ने उसे हिरासत में लेकर ईओडब्ल्यू को सौंप दिया।
Leave a Reply