IND vs NZ: दूसरे टी-20 में ‘वर्मा’ जी ने लगाया जीत का तिलक, नितीश के साथ मिलकर न्यूजीलैंड के जबड़े से छीनी जीत, भारत ने बनाई 2-0 की बढ़त
तिलक और नितीश ने की दमदार बैटिंगHighLights
- दूसरे टी-20 में भारत की रोमांचक जीत
- तिलक और नितीश ने की दमदार बैटिंग
- क्राइस्टचर्च में भारत 4 विकेट से जीता
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी ने मिलकर टीम इंडिया को 4 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी। मध्यक्रम में नमन धीर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर तिलक वर्मा का बखूबी साथ निभाया।
दूसरे मुकाबले को 4 विकेट से जीतकर भारत ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। इस मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। कीवी बल्लेबाजों ने 20 ओवर में 180 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर एक गेंद शेष रहते हुए 181 रन बना दिए।
मैच में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। अभिषेक शर्मा (27) और संजू सैमसन (14) सस्ते में आउट हो गए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 4 रन ही बना सके।
रेड्डी और तिलक की दमदार बल्लेबाजी
टॉप ऑर्डर में विकेट गिरने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने भी सस्ते में अपना विकेट गंवाकर टीम को मुश्किल में डाल दिया, लेकिन एक बार फिर नमन धीर ने भारत के लिए 17 गेंदों में 31 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को मैच में बनाए रखा।
यह भी पढ़ें- IND vs NZ: इतिहास रचने की दहलीज पर ईशान किशन, टी-20 सीरीज में टूट जाएंगे भारत से लेकर पाक दिग्गजों के रिकॉर्ड
दूसरे टी20 मैच में नितीश रेड्डी और तिलक वर्मा का खेल जबरदस्त रहा। दोनों के बीच 30 गेंदों में 69 रनों की पार्टनरशिप हुई। टीम के लिए तिलक वर्मा ने 26 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली।
अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया, जबकि नितीश रेड्डी 13 गेंदों में 26 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों ने अंतिम ओवरों में धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को जीत से दूर कर दिया।
फिलिप्स और जैकब्स की फिफ्टी बेकार
दूसरे टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने सिर्फ 41 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे, लेकिन यहां से ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने मिलकर पारी को संभाल लिया। फिलिप्स ने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतकीय पारी खेली।
उन्होंने 43 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 70 रनों की पारी खेली। इसके अलावा बेवन ने 46 गेंदों में 58 रन बनाए, जिससे टीम का स्कोर 180 रन तक पहुंचा, लेकिन कीवी गेंदबाज इस स्कोर को डिफेंड नहीं कर पाए।
यह भी पढ़ें- IND vs NZ: वनडे सीरीज के लिए कोहली ने शुरू किया अभ्यास, पूरे जोश में दिखे ‘किंग’; कई रिकॉर्ड्स तोड़ने का मौका
Leave a Reply