सरगुजा में दिन में बिजली लगाने वाले रात में चोरी करते हैं, RDSS योजना के पेटी कांट्रेक्टर पर ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

HighLights
- मुडगांव में चोरी का प्रयास नाकाम।
- ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को पकड़ा।
- आरडीएसएस कांट्रेक्टर पर शक की सुई।
,अंबिकापुर : सरगुजा जिले में बिजली के ट्रांसफार्मर और केबल चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरियों के बीच मंगलवार रात उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुडगांव में एक और ट्रांसफार्मर चोरी के प्रयास को ग्रामीणों ने नाकाम कर दिया। ग्रामीणों ने खंभे से ट्रांसफार्मर उतारकर वाहन में लोड करने की तैयारी कर रहे एक संदिग्ध को धर दबोचा और पुलिस को सौंप दिया।
पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ में जिले में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के राजफाश की उम्मीद जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मुडगांव में मंगलवार की रात चोरों ने बिजली खंभे पर लगे ट्रांसफार्मर को नीचे उतार लिया था। उसे वाहन में लोड कर ले जाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर पड़ गई। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ लिया, जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदेही को उदयपुर थाना ले गई। सुबह सीएसपीडीसीएल की टीम भी मौके पर पहुंची।यह जिले में पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- सरगुजा में बलिदानी जवान के माता-पिता ने एएसआइ बहू पर बेसहारा छोड़ने का लगाया आरोप
उदयपुर क्षेत्र के ही ग्राम सरगांवा में कुछ दिन पूर्व चोरों ने बिजली खंभे से ट्रांसफार्मर चोरी कर लिया था। सुबह ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर गायब देखा तो बिजली कंपनी को सूचना दी थी। सीएसपीडीसीएल ने थाने में एफआइआर दर्ज कराई थी।
इसी तरह रकेली जंगलपारा में चोरों ने बिजली लाइन की कीमती केबल काटकर चोरी कर ली थी। इससे पूरे पारा की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी।
लगातार तीन घटनाएं एक ही पैटर्न पर होने से साफ है कि यह किसी संगठित गिरोह का काम है।
पेटी कांट्रेक्टर की भूमिका की चल रही जांच
सूत्रों के अनुसार यह गिरोह दिन में पुर्नगठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) योजना के तहत दूसरे गांवों में ट्रांसफार्मर और केबल लगाने का काम करता है और इसी दौरान रेकी कर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देता है। इस मामले में आरडीएसएस के पेटी कांट्रेक्टर का नाम सामने आया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उसकी टीम दिन में काम करने के बाद रात में चोरी करती है। हालांकि सीएसपीडीसीएल और पुलिस का कहना है कि उसकी भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
गिरोह के राजफाश की उम्मीद
सीएसपीडीसीएल उदयपुर के कनिष्ठ अभियंता राजेंद्र राजवाड़े ने बताया कि सरगांवा और रकेली की घटनाओं में एफआइआर दर्ज कराई गई थी। मुडगांव की घटना में भी प्राथमिकी की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं उदयपुर पुलिस पकड़े गए संदिग्ध से गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में सरगुजा जिले के अन्य थाना क्षेत्रों लखनपुर, अंबिकापुर, सीतापुर ,दरिमा में हुई ट्रांसफार्मर-केबल चोरी की घटनाओं का भी राजफाश हो सकता है। चोरी के ट्रांसफार्मर से कॉपर वाइंडिंग और तेल निकालकर कबाड़ में बेचने की आशंका है।
फिलहाल ग्रामीणों की सतर्कता से एक ट्रांसफार्मर बच गया, लेकिन लगातार हो रही चोरियों ने बिजली कंपनी की परेशानी बढ़ा दी है।
Leave a Reply