SMAT 2026: 17 साल की उम्र में छत्तीसगढ़ की कप्तानी, 44 गेंदों पर ठोका शतक; कौन हैं स्टार विकल्प तिवारी?
17 साल के विकल्प तिवारी ने SMAT 2026 में जड़ा पहला T20 शतकHighLights
- 17 साल के विकल्प तिवारी ने SMAT 2026 में जड़ा पहला T20 शतक
- ओडिशा के खिलाफ 44 गेंदों में शतक पूरा कर बनाए कुल 119 रन
- कप्तान विकल्प की पारी से छत्तीसगढ़ ने 20 ओवर में बनाए 228 रन
स्पोर्ट्स डेस्क। फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ का मशहूर संवाद है कि काबिल बनिए, कामयाबी झक मारकर आपके पीछे आएगी। इस बात को महज 17 वर्ष की उम्र में सच कर दिखाया है छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh Cricket Team) के युवा क्रिकेटर विकल्प तिवारी ने।
सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी (SMAT) 2026 के मौजूदा सत्र में विकल्प ने अपने लाजवाब खेल से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। खास बात यह है कि उन्होंने इसी सीजन में अपना T20 पदार्पण किया और सीधे छत्तीसगढ़ टीम की कमान संभाली।
कप्तानी की जिम्मेदारी के साथ बल्ले से भी मचा रहे हैं कोहराम
17 साल की कच्ची उम्र में एक राज्य की सीनियर टीम की कप्तानी का दबाव झेलना और साथ ही बल्ले से रन बरसाना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान चुनौती नहीं होती। लेकिन विकल्प तिवारी (Vikalp Tiwari Century) ने चयनकर्ताओं के भरोसे को पूरी तरह सही साबित किया है। टूर्नामेंट के आगाज से ही उन्होंने अपने इरादे साफ कर दिए थे। अपने डेब्यू मुकाबले में शानदार अर्धशतक जड़ने के बाद, अब उन्होंने अपने T20 करियर के महज तीसरे ही मैच में विस्फोटक शतक जड़कर इतिहास रच दिया है।
44 गेंदों में पूरा किया करियर का पहला T20 शतक
ओडिशा के खिलाफ खेले गए मुकाबले में विकल्प तिवारी ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 44 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया, जिसमें 15 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के इस सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाया गया यह तीसरा शतक है, जबकि विकल्प के छोटे से T20 करियर का यह पहला सैकड़ा है। इससे पहले टूर्नामेंट के पहले मैच में बतौर कप्तान और खिलाड़ी डेब्यू करते हुए उन्होंने पचासा जड़ा था।
119 रनों की पारी खेलकर हुए रिटायर्ड हर्ट
शतक पूरा करने के बाद भी विकल्प का बल्ला नहीं रुका। उन्होंने कुल 56 गेंदों का सामना किया और 18 चौकों व 3 छक्कों की मदद से 119 रनों की यादगार पारी खेली। इसके बाद वे रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटे। कप्तान विकल्प की इस आतिशी शतकीय पारी के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 228 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया।
यह भी पढ़ें- एमपी हाई कोर्ट का फैसला… तलाक के वक्त दिए 20 लाख, फिर भी पिता को करना होगा बेटी का भरण-पोषण
Leave a Reply